सुशील खरे, रतलाम। रतलाम जिले के पलसोड़ी के पास तेज रफ्तार मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर दोनों सड़कों के बीच बनी करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार में सवार पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि इस परिस्थिति में पिता ने गजब का साहस दिखाते हुए कार का दरवाजा लात मारकर खोला और अपनी पत्नी व बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
ये भी पढ़ें: MP में 4 IAS अफसरों को केंद्र में जाने से रोका, सरकार ने बताई वजह; जानें कौन संभाल रहा है कौन-सा विभाग
मुंबई से लखनऊ जा रहा था परिवार, नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे डीडी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पलसोड़ी के पास धामनोद टोल से लगभग 2 से 3 किलोमीटर आगे हुआ। मर्सिडीज कार में दीपरंजन पांडे (42), उनकी पत्नी रंजना पांडे (38), बेटी आयशा (12) और बेटा आवेश (9) सवार होकर मुंबई से लखनऊ की ओर जा रहे थे। सफर के दौरान अचानक कार चला रहे दीपरंजन पांडे को झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन पर से उनका नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार मर्सिडीज सीधे 25 फीट नीचे खाई में जा समाई।
साहस का परिचय देकर खुद बाहर आए और परिवार को बचाया
हादसे के बाद कार के खाई में गिरते ही वाहन में चीख-पुकार मच गई। इस मुश्किल और डरावनी घड़ी में दीपरंजन पांडे ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने कार के जाम हो चुके दरवाजे पर लात मारकर उसे खोला और खुद बाहर निकलने के बाद अपनी पत्नी व दोनों बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को इस दुर्घटना की सूचना दी और मदद की गुहार लगाई।
ये भी पढ़ें: कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म कर फोटो वायरल करने की दी धमकी, ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
व्हाट्सएप लोकेशन के सहारे मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाने की चीता-3 के कॉन्स्टेबल सुनील डाबर, डायल 112 के कॉन्स्टेबल आर्यन रघुवंशी और पायलट नईम खान तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। हालांकि, रात का घना अंधेरा होने और कार के सड़क स्तर से काफी नीचे खाई में गिरे होने के कारण पुलिसकर्मियों को घटनास्थल तलाशने में शुरुआती परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने तुरंत कार सवारों से व्हाट्सएप के माध्यम से उनकी लाइव लोकेशन मंगवाई। सही लोकेशन मिलते ही मुस्तैद जवान तुरंत घटनास्थल तक पहुंच गए और घायल परिवार को आवश्यक सहायता व राहत पहुंचाई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

