RCB vs KKR IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 57वें मुकाबले में आज डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आमने-सामने हैं। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पाटीदार ने बताया कि इस मुकाबले के लिए उनकी प्लेइंग 11 में रोमारियो शेफर्ड की जगह वेंकटेश अय्यर को मौका मिला है। वहीं, KKR के खेमे में वरुण चक्रवर्ती की जगह सौरभ दुबे की एंट्री हुई है।

प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से यह मुकाबला RCB और KKR दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अब तक खेले गए 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार के साथ 14 अंक हासिल किए हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। ऐसे में आज का मुकाबला जीतकर RCB प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की करना चाहेगी।

वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए यह मैच किसी फाइनल से कम नहीं है। टीम ने अब तक 10 मुकाबलों में केवल 4 जीत दर्ज की है, जबकि 5 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम 9 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल पर आठवें स्थान पर है। ऐसे में अगर KKR को इस सीजन प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखना है, तो उसे हर हाल में यह मुकाबला अपने नाम करना होगा।

बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच यह मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में रात 8:45 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
SVNS स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (SVNS Stadium) की पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को अच्छा बाउंस और पेस प्रदान करती है, जिससे पावरप्ले के दौरान बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में रन बना सकते हैं। हालांकि यह देश के सबसे बड़े क्रिकेट मैदानों में शामिल है, इसलिए लंबी बाउंड्रियों के चलते यहां बड़े शॉट लगाना आसान नहीं रहता। ऐसे में बल्लेबाजों के लिए सही टाइमिंग और गैप में शॉट खेलना बेहद अहम हो जाता है।

नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की संभावना रहती है, जबकि मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाजों को भी पिच से ग्रिप और टर्न मिल सकता है। वहीं शाम के समय ओस अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिलने की उम्मीद रहती है। टी20 मुकाबलों में इस मैदान पर औसत स्कोर आमतौर पर 175 से 190 रन के बीच देखा गया है।
SVNS स्टेडियम में IPL के रिकॉर्ड

SVNS स्टेडियम के IPL रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यहां अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 6 मुकाबले 2013, 2015 और 2016 सीजन के दौरान आयोजित हुए थे। इन 7 मैचों में 2 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की, जबकि 5 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। बीते 10 मई को पूरे 10 साल बाद आईपीएल मुकाबले की वापसी हुई थी।

इस हाई-वोल्टेज मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। मुकाबला आखिरी गेंद तक चला, जहां RCB ने 167 रन के लक्ष्य को 8 विकेट खोकर हासिल किया। अब आज एक बार फिर यही मैदान बड़े मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है।
RCB बनाम KKR हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में KKR का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें KKR ने 20 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि RCB ने 15 मुकाबले जीते हैं। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में RCB ने जीत दर्ज की थी। इस सीजन में दोनों टीमें पहली बार एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी।
RCB और KKR की प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
जैकब बेथेल, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम डार, जैकब डफी, जोश हेज़लवुड
इम्पैक्ट प्लेयर: देवदत्त पडिक्कल, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, रोमारियो शेफर्ड, स्वप्निल सिंह
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी
इम्पैक्ट प्लेयर: सौरभ दुबे, रमनदीप सिंह, तेजस्वी दहिया, नवदीप सैनी, टिम सीफर्ट
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण रात 8:45 बजे से टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

