Rinku Singh-Priya Saroj Wedding: क्रिकेट के मैदान पर अपने छक्कों से सुर्खियां बटोरने वाले रिंकू सिंह अब अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार टी20 खिलाड़ी रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख आखिरकार तय हो गई है। दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में सात फेरे लेंगे। तारीख तय होते ही दोनों परिवारों में तैयारियां तेज हो गई हैं और घर-परिवार में खुशियों का माहौल है।

रिंकू और प्रिया की प्रेम कहानी की चर्चा काफी समय से होती रही है। अब दोनों के रिश्ते को शादी का मुकाम मिलने जा रहा है। खास बात यह है कि दोनों की सगाई भी करीब डेढ़ साल पहले हो चुकी है।

जून में होनी थी शादी, फिर क्यों बढ़ानी पड़ी तारीख?

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी पहले जून 2026 में प्रस्तावित थी। लेकिन इसी दौरान रिंकू के पिता खानचंद सिंह का कैंसर से निधन हो गया। पिता के निधन के बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से शादी को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

रिंकू के पिता की इच्छा थी कि वह अपने बेटे की शादी अपनी आंखों से देखें। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शादी से पहले ही उनका निधन हो गया। इसके बाद परिवार ने शादी को टाल दिया और अब दिसंबर की तारीख तय की गई है।

फिलहाल शादी में शामिल होने वाले मेहमानों की पूरी सूची सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि क्रिकेट और राजनीति की कई बड़ी हस्तियां इस खास मौके पर मौजूद रहेंगी।

सगाई में जुटा था क्रिकेट और राजनीति का सितारों का जमावड़ा

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने 8 जून 2025 को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित द सेंट्रम होटल में सगाई की थी। समारोह में क्रिकेट और राजनीति जगत के कई बड़े चेहरे नजर आए थे।

सगाई में समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, अभिनेत्री जया बच्चन और भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार समेत कई चर्चित हस्तियां पहुंची थीं।

अखिलेश यादव ने रिंकू और प्रिया के साथ तस्वीरें खिंचवाई थीं और दोनों को शादी के लिए शुभकामनाएं भी दी थीं। सगाई की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर भी खूब ध्यान खींचा था।

एक तरफ क्रिकेट का सितारा, दूसरी तरफ राजनीति की युवा चेहरा

रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आते हैं और भारतीय क्रिकेट में खासकर टी20 फॉर्मेट में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। मुश्किल परिस्थितियों में बड़े शॉट लगाने की उनकी क्षमता ने उन्हें क्रिकेट प्रशंसकों के बीच खासा लोकप्रिय बनाया है।

वहीं प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की युवा सांसद हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर संसद में पहुंचीं। कम उम्र में सांसद बनने के बाद से ही वह उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा में रही हैं।

UPT20 में कप्तानी से लेकर अब जिंदगी की नई पारी तक

रिंकू सिंह के लिए 2026 का साल क्रिकेट के लिहाज से भी खास रहा है। उनकी कप्तानी में मेरठ मेवरिक्स ने UPT20 लीग 2026 का खिताब अपने नाम किया। क्रिकेट के मैदान पर कप्तानी में टीम को चैंपियन बनाने के बाद अब रिंकू अपनी निजी जिंदगी में एक नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।

4 दिसंबर 2026 को लखनऊ में रिंकू सिंह और प्रिया सरोज सात फेरे लेंगे। क्रिकेट और राजनीति से जुड़े इस चर्चित रिश्ते की शादी पर दोनों क्षेत्रों के प्रशंसकों की भी नजर रहेगी। अब इंतजार सिर्फ उस दिन का है, जब क्रिकेट के मैदान का यह स्टार बल्लेबाज अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत करेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H