कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी के साथ चल रहे भारी-भरकम सरकारी काफिले और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

​किस हैसियत से चल रहा है यह काफिला?

​शक्ति सिंह यादव ने प्रेस वार्ता में सवाल किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की धर्मपत्नी किस संवैधानिक हैसियत से इतने बड़े काफिले के साथ चल रही हैं? उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है कि प्रदेश के बड़े-बड़े अधिकारी किस प्रोटोकॉल के तहत उनके साथ गाड़ियों के काफिले में तैनात होकर घूम रहे हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर यह सरकारी संसाधनों का कौन सा स्वरूप है, जिसका उपयोग इस तरह से किया जा रहा है।

​सुरक्षा कटौती और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग

​राजद प्रवक्ता ने गंभीर आशंका जताते हुए कहा कि क्या लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती करके मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी की सुरक्षा को बढ़ा दिया है? उन्होंने कहा कि जो दृश्य सामने आया है, उससे साफ पता चलता है कि प्रशासन के सभी उच्च अधिकारी मुख्यमंत्री के काफिले की तरह ही उनकी धर्मपत्नी के काफिले के साथ भी पूरी तरह तत्पर हैं। यह सरकारी मशीनरी का खुला दुरुपयोग नहीं तो और क्या है?

​जदयू-भाजपा नेताओं की चुप्पी पर वार

​शक्ति सिंह यादव ने सत्ताधारी दल के नेताओं की चुप्पी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने पूछा कि जो लोग पहले सुरक्षा और प्रोटोकॉल पर लंबी-चौड़ी बातें करते थे, उनके मुंह में अब दही क्यों जम गई है? उन्होंने कहा कि मांझी जी जैसे नेता, जो सुरक्षा मुद्दों पर मुखर रहते थे, वे अब क्यों चुप हैं? क्या उन्हें सरकारी मशीनरी का यह दुरुपयोग दिखाई नहीं दे रहा है?

​जनता करेगी हिसाब

​अंत में, शक्ति सिंह यादव ने चेतावनी दी कि भले ही ये लोग इस दुरुपयोग को नजरअंदाज कर रहे हों, लेकिन बिहार की जनता सब देख रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता सब कुछ नोट कर रही है और समय आने पर सरकार के इस रवैये का पूरा हिसाब लेगी।