अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। रोहतास जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार चिंताजनक होता जा रहा है। बीते कुछ दिनों में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक प्रसिद्ध डॉक्टर के इकलौते बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इन घटनाओं से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
तिलौथू में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत
पहली घटना रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र की है। चंदनपुरा और भिसड़ा गांव के बीच दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान करगहर थाना क्षेत्र के माती गांव निवासी मुसाफिर प्रजापति के पुत्र केश्वर प्रजापति के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केश्वर प्रजापति किसी काम से रमडिहरा गए हुए थे और बाइक पर सवार होकर अपने घर माती वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चंदनपुरा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि केश्वर प्रजापति को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही तिलौथू थाना की पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया।

चेनारी में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दादी-पोता की बाइक को रौंदा, बुजुर्ग महिला की मौत
दूसरी दर्दनाक दुर्घटना चेनारी थाना क्षेत्र के पावर ग्रिड के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार दादी और पोता को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुदेशरा कुंवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पोता देवांश दुबे गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि देवांश अपनी दादी सुदेशरा कुंवर को बाइक पर बैठाकर चेनारी बाजार जा रहा था। जब उनकी बाइक पावर ग्रिड के पास टर्निंग पर पहुंची, तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक पर पीछे बैठी बुजुर्ग महिला सड़क पर गिर गईं और ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा उनका पोता देवांश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है। मृतका गणेशपुर गांव की रहने वाली थीं। चेनारी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल पहुंचा दिया है।
औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: प्रसिद्ध डॉक्टर के इकलौते बेटे की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल
तीसरी बड़ी खबर रोहतास के डेहरी से जुड़ी है, जहां के जाने-माने चिकित्सक डॉ. विजेंद्र कुमार चौधरी और उनके पुत्र डॉ. हर्षवर्धन चौधरी की कार एक भयानक सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में डॉक्टर के इकलौते बेटे डॉ. हर्षवर्धन चौधरी की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पड़ोसी जिले औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र के तेजपुरा के पास हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, डॉ. विजेंद्र कुमार चौधरी नालंदा में पदस्थापित हैं। उनके पुत्र डॉ. हर्षवर्धन चौधरी अपनी कार से पिता को लेकर नालंदा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार डेहरी ऑन सोन से आगे औरंगाबाद जिले के तेजपुरा लख के पास पहुंची, सामने से आ रही एक पिकअप वैन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हाथों-हाथ दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही डॉक्टर के इकलौते पुत्र डॉ. हर्षवर्धन ने दम तोड़ दिया। घायल पिता डॉ. विजेंद्र चौधरी को इलाज के लिए डेहरी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। मृतक डॉ. हर्षवर्धन पेशे से बीएएमएस (BAMS) चिकित्सक थे और अपने पिता के साथ डेहरी के बालगोविंद बिगहा स्थित चौधरी क्लीनिक में ही प्रैक्टिस करते थे। पोस्टमार्टम के बाद उनके शव को डेहरी ऑन सोन लाया गया, जिसके बाद से पूरे चिकित्सा जगत और परिजनों में शोक की गहरी लहर दौड़ गई है।


