RR vs GT IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RR के कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जिसके बाद GT ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए। जवाब में 230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RR की पूरी टीम 16.3 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई।

बता दें कि इस सीजन GT की यह लगातार चौथी जीत है। इस जीत के साथ GT 14 अंक के साथ अपनी स्थिति मजबूत करते हुए प्वाइंट्स टेबल पर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

राजस्थान की बल्लेबाजी बिखरी, जडेजा ने बनाए सबसे ज्यादा रन

230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज गुजरात के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए। टीम के लिए रविंद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 36, ध्रुव जुरेल ने 24, दसुन शनाका ने 16 और शुभम दुबे ने 15 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

राशिद खान की फिरकी का कहर, 4 विकेट झटके

गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी में राशिद खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। उनके अलावा जेसन होल्डर को 3 विकेट, कगिसो रबाडा को 2 विकेट और मोहम्मद सिराज को 1 सफलता मिली।

गिल और साई सुदर्शन की अर्धशतकीय पारियां

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 84 रन की शानदार पारी खेली। वहीं साई सुदर्शन ने 55 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वाशिंगटन सुंदर ने 36 रन और जोस बटलर ने 13 रन का योगदान दिया।

राजस्थान की गेंदबाजी में बृजेश शर्मा सबसे सफल

राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में बृजेश शर्मा ने 2 विकेट झटके। उनके अलावा यश पुंजा और रविंद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H