सहारनपुर. दीपावली के मौके पर भाजपा और विश्व हिंदू परिषद से जुड़ी नेता साध्वी प्राची सहारनपुर पहुंचीं. यहां उन्होंने कई मुद्दों पर बयान देकर राजनीतिक बहस छेड़ दी. उन्होंने दीपावली की खरीदारी को स्वदेशी अभियान से जोड़ते हुए सनातन प्रेमियों से स्थानीय दुकानदारों और कुम्हारों से सामान खरीदने की अपील की. इसके अलावा जमीयत के सचिव महमूद मदनी पर निशाना साधा और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के निजी जीवन को लेकर भी सवाल उठाए.

इसे भी पढ़ें- दिवाली के बाद भी ट्रेन यात्रियों को राहत, रेलवे ने 10 स्पेशल ट्रेनों के बढ़ाए फेरे; देखें तारीखें

बुजुर्गों और जरूरतमंदों के साथ मनाई दीपावली

सहारनपुर में साध्वी प्राची दीपावली पर वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम पहुंचीं. उन्होंने वहां बुजुर्गों और जरूरतमंदों को मिठाइयां बांटीं. इस दौरान उन्होंने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और सजावट का त्योहार नहीं है. यह समाज के लोगों की खुशियों में शामिल होने का भी अवसर है. उन्होंने सनातन प्रेमियों से अपील की कि मिट्टी के दीपक स्थानीय कुम्हारों से खरीदें. साथ ही कहा कि दीपावली का सामान उन्हीं लोगों से खरीदें, जो यह त्योहार मनाते हैं.

महमूद मदनी को पाकिस्तान जाने की चुनौती

जमीयत सचिव महमूद मदनी के बयान पर साध्वी प्राची ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मदनी को चुनौती दी कि वह पाकिस्तान जाकर दो-चार महीने रहें और वहां के हालात देखें. साध्वी ने सवाल उठाया कि भारत में मुस्लिम समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, फिर उन्हें दूसरे दर्जे का नागरिक बताए जाने की बात कैसे कही जा सकती है. उन्होंने मदनी को आमने-सामने बैठकर बहस करने का न्योता भी दिया.

इसे भी पढ़ें- यूपी में ठंड और कोहरे का असर बढ़ा, 48 घंटे में पूर्वांचल में बारिश के आसार; किसानों को अलर्ट

उमर अब्दुल्ला के निजी जीवन पर उठाए सवाल

साध्वी प्राची ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के निजी जीवन को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने निधि राजदान से उनकी शादी का दावा करते हुए मौलानाओं की चुप्पी पर सवाल उठाए. साध्वी प्राची ने कहा कि यह अच्छी बात है कि उनके दावे के मुताबिक निधि राजदान ने अपना धर्म नहीं बदला. उन्होंने इस मुद्दे पर मौलानाओं से भी अपनी राय रखने को कहा. सहारनपुर में उनके इन बयानों के बाद दीपावली की खरीदारी, धार्मिक पहचान और अंतरधार्मिक विवाह जैसे मुद्दों पर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है.