सहारनपुर. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां 10 हजार रुपये नहीं मिलने पर 85 साल की दादी की हत्या का आरोप उनके छोटे पोते पर लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बड़े भाई को संपत्ति देने से भी नाराज था. पुलिस ने आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सफेद प्लास्टिक की रस्सी भी बरामद की गई है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.

इसे भी पढ़ें- UP में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 140 किमी की आंधी और बिजली गिरने का खतरा

जमीन बेचकर दादी ने खरीदी थी दुकान

पुलिस के अनुसार, वृद्धा प्रभा ने करीब चार महीने पहले अपनी जमीन 27 लाख रुपये में बेची थी. इस रकम से उन्होंने 20 लाख रुपये की दुकान खरीदी थी. बाकी सात लाख रुपये अपने बड़े पोते आयुष को दे दिए थे. बताया गया है कि प्रभा दुकान भी आयुष के नाम करने की तैयारी में थीं. इसी बात को लेकर छोटा पोता नितिन नाराज था.

पांच दिन से मांग रहा था 10 हजार रुपये

पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, नितिन पिछले पांच दिनों से दादी से खर्च के लिए 10 हजार रुपये मांग रहा था. 24 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे प्रभा घर में अकेली थीं. नितिन ने उनसे रुपये मांगे. दादी ने कहा कि पैसे आयुष को दे दिए हैं. पुलिस का दावा है कि इससे गुस्साए नितिन ने प्लास्टिक की रस्सी से दादी का गला घोंट दिया.

हत्या के बाद जंगल में फेंकी रस्सी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी रस्सी लेकर घर से निकल गया. उसने देहरादून चौक पर शराब पी और फिर दाबकी जुनारदार के पास जंगल में सो गया. उसने रस्सी जंगल में फेंक दी थी. पुलिस ने रविवार को दाबकी जुनारदार रोड पर निर्माणाधीन पुल के पास से उसे गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर रस्सी भी बरामद कर ली गई.

इसे भी पढ़ें- राजा भैया को चंद्रशेखर आजाद ने बताया माफिया? अक्षय प्रताप ने दिया जवाब

संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने से था नाराज

पुलिस के अनुसार, नितिन का कहना था कि दोनों भाई होने के कारण संपत्ति में उसका भी हिस्सा होना चाहिए. दादी की ओर से बड़े पोते को रकम देने और दुकान उसके नाम करने की तैयारी से वह नाराज था. पुलिस ने इसी विवाद को हत्या की वजह बताया है. आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.