संभल के धनारी थाना क्षेत्र में शादी के 19 दिन बाद दुल्हन के जेवर और नकदी लेकर चले जाने का मामला सामने आया है. परिवार का आरोप है कि दुल्हन को लेने चाचा बनकर आया युवक उसका पति निकला, जबकि पुलिस शिकायत की जांच कर रही है.

संभल: जिले के धनारी थाना क्षेत्र के धनारी पट्टी बालूशंकर गांव में शादी के बाद दुल्हन के जेवर और नकदी लेकर चले जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित हरपाल ने पुलिस को दी शिकायत में शादी कराने वाली महिला समेत दो लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. पुलिस के मुताबिक, शिकायत की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

हरपाल के अनुसार, 10 जुलाई को मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र के नरोदा गांव की रहने वाली कमला उर्फ प्रेमवती उसके घर आई थी. उसने बताया था कि उसके पास एक युवती रहती है, जिसके पति की मौत हो चुकी है और उसका सात साल का बेटा भी है.

शादी के लिए दिए पैसे

शिकायत के मुताबिक, महिला ने गुलशन की शादी राखी नाम की युवती से कराने की बात कही और शादी का खर्च उठाने के बदले एक लाख रुपये मांगे. हरपाल ने 50 हजार रुपये एडवांस दिए, जिसके बाद रिश्ता तय हुआ.

इसके बाद हरपाल 75 हजार रुपये और कपड़े लेकर पंजाब गया, जहां 2 अगस्त को गुलशन और राखी की शादी कराई गई. महिला ने ही कन्यादान किया और शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा गांव लौट आया.

‘चाचा’ बनकर आया युवक

हरपाल ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त को कमला उर्फ प्रेमवती ने फोन कर कहा कि राखी के चाचा उसे लेने आ रहे हैं और उसे उनके साथ भेज दिया जाए. इसके दो दिन बाद 19 अगस्त को नरोदा निवासी कन्हैया उर्फ नेत्रपाल उसके घर पहुंचा और राखी को अपने साथ ले गया.

आरोप है कि घर से जाते समय राखी सोने के कुंडल, मंगलसूत्र का गिट्टा, चांदी की पायल, चांदी के कड़े और चांदी का कमरगुच्छा लेकर गई. इसके अलावा भैंस खरीदने के लिए रखे 25 हजार रुपये भी साथ ले जाने का आरोप है.

पुलिस कर रही जांच

हरपाल के मुताबिक, बाद में उसने कन्हैया उर्फ नेत्रपाल से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी. कमला उर्फ प्रेमवती से पूछने पर पहले उसने राखी के अपने पास होने की बात कही, जबकि बाद में इससे इनकार कर दिया.

शिकायत के अनुसार, बाद में जानकारी हुई कि राखी को लेने आया व्यक्ति उसका पति था. धनारी थाने के प्रभारी निरीक्षक नरेश पाल सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.