पटना/ कुंदन कुमार। वामदल के विधायक संदीप सौरव ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की घटना की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली में जो लाठीचार्ज हमने देखा, वह बेहद हृदय विदारक और लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला था। जिस तरह से अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस ने खदेड़-खदेड़ कर पीटा, वह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

​विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि छात्र आखिर क्या गलत कर रहे थे? वे केवल अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे, लेकिन पुलिस का यह रवैया पूरी तरह तानाशाही भरा था। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर इस सरकार में थोड़ी भी नैतिकता और शर्म बची है, तो उन्हें तुरंत केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से उनका इस्तीफा मांगना चाहिए।

​संदीप सौरव ने अपने बयान को और आक्रामक करते हुए कहा कि मामला सिर्फ शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। देश में छात्रों और युवाओं पर हो रहे इस तरह के अत्याचारों को देखते हुए हम सीधे तौर पर देश के प्रधानमंत्री के इस्तीफे की भी मांग करते हैं। इस घटना ने एक बार फिर केंद्र सरकार की कार्यशैली और युवाओं के प्रति उसकी संवेदनहीनता को बेनकाब कर दिया है।