सरायकेला। सरायकेला में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर पहुंची। पटनायक टोला स्थित उनके घर पर करीब 7 बजे तीन गाड़ियों से पहुंची टीम ने परिसर में तलाशी शुरू की। ईडी के अधिकारी घर के अंदर अलग-अलग जगहों पर दस्तावेज और अन्य सामान की जांच कर रहे हैं।

35 करोड़ के बैंक लोन की जांच में कार्रवाई

ईडी की यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये के लोन से जुड़े मामले में बताई जा रही है। आरोप है कि लोन की राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसी मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की जांच के लिए एजेंसी की टीम पहुंची है।

घर को घेरे रही टीम, दस्तावेजों की जांच जारी

तलाशी के दौरान ईडी की टीम ने घर के अंदर कई स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की। सुरक्षा के लिहाज से आवास के बाहर भी व्यवस्था की गई थी। फिलहाल कार्रवाई जारी है और तलाशी पूरी होने के बाद ही ईडी की ओर से मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है।

लोन केस में जमानत पर हैं संजय डालमिया

संजय डालमिया इस लोन मामले में फिलहाल जमानत पर बाहर बताए जा रहे हैं। ईडी की कार्रवाई के दौरान किसी तरह की आधिकारिक गिरफ्तारी या अन्य कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। एजेंसी की जांच पूरी होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।