मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह आज अयोध्या पहुंचे. महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया. संजय सिंह अपने पैतृक आवास सुल्तानपुर जाने के लिए अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में कई अहम मुद्दों पर बेबाक राय रखी.
वोट चोरी के मुद्दे पर संजय सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि देशभर में 13 करोड़ 37 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन 13 करोड़ 37 लाख लोगों में से केवल 1600 विदेशी नागरिक मिले. उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के साथ बड़ा खिलवाड़ है और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें : ‘बड़के भइया’ की सेवा में लग गए’, विपक्ष की महारैली में शामिल होने पर राजभर का अखिलेश पर तंज, जानिए ऐसा क्या कहा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1 करोड़ 27 लाख हिंदुओं के नाम कटने संबंधी बयान पर संजय सिंह ने सवाल उठाते हुए पूछा कि जब इतनी बड़ी संख्या में नाम काटे जा रहे थे तो पहले इस मुद्दे पर आवाज क्यों नहीं उठाई गई. उन्होंने कहा कि अब बयान देने से काम नहीं चलेगा, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए. संजय सिंह ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा निशाना साधते हुए उनके इस्तीफे की मांग की. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, लेकिन आयोग अपनी भूमिका निभाने में पूरी तरह विफल रहा है.
आम आदमी पार्टी ने पश्चिम बंगाल, दिल्ली, बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए वहां चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग की है. संजय सिंह ने कहा कि जब तक मतदाता सूची को पारदर्शी नहीं बनाया जाएगा, तब तक लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता.इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है, लेकिन वोट चोरी का मुद्दा दोनों के बीच समान है और इस लड़ाई में सभी को एकजुट होना होगा.
इसे भी पढ़ें : बदहाली का आलम है कि PET की… चंद्रशेखर ने शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और परीक्षा प्रबंधन पर उठाए सवाल, PM मोदी को घेरते हुए दिया बड़ा बयान
उत्तर प्रदेश की पहचान पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि यह भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की धरती है. काशी, मथुरा और अयोध्या की पहचान वाले उत्तर प्रदेश की तुलना रावण की लंका से करना पूरी तरह गलत और अपमानजनक है.आजम खान की गिरफ्तारी पर संजय सिंह ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए इसे तानाशाही और अत्याचार बताया. उन्होंने कहा कि विरोधियों को डराने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है. वहीं, यूपी में पार्टी के संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी का संसदीय बोर्ड फैसला लेगा.

