सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के शिक्षा विभाग में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) जोईधा राम डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालय, रायपुर से संबद्ध किया गया है।

जोईधा राम डहरिया के निलंबन की कार्रवाई उनके बसना, जिला महासमुंद में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के पद पर पदस्थ रहने के दौरान हुई कथित वित्तीय अनियमितता से जुड़ी है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि तत्कालीन BEO बसना रहते हुए उन्होंने शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शालाओं के विद्युत देयक की धनराशि का गबन कर शासन को हानि पहुंचाई।

आदेश में इस मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए कहा गया है कि डहरिया ने अपने पदीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता करते हुए गंभीर अनुशासनहीनता की। विभाग ने उनके इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत कदाचार माना है।

इसी आधार पर राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा), रायपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी देय होगा।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

जोईधा राम डहरिया इससे पहले भी विभागीय कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। वे जब सारंगढ़ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के पद पर पदस्थ थे, तब भी उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई थी। अब प्रभारी DEO रहते हुए दोबारा निलंबित किए जाने से शिक्षा विभाग में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अब पटेल संभालेंगे जिम्मेदारी

जोईधा राम के निलंबन के बाद शिक्षा विभाग की कमान फिलहाल खरसिया BEO लक्ष्मी नारायण पटेल के हाथों में होगी। नए DEO की पदस्थापना तक वे प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में काम करेंगे।

इस कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारी-कर्मचारियों के बीच भी निलंबन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि नए प्रभारी DEO के आने के बाद जिले की शिक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव देखने को मिलता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H