अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के निमियाडीह इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में जवान की पत्नी, दो छोटे बच्चे और उनकी सास समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सासाराम के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवान की पत्नी को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

​असम में तैनात थे जवान कंचन ठाकुर

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के डिहरा गांव के रहने वाले कंचन ठाकुर के रूप में हुई है। जवान वर्तमान में असम के मानिकपुर में सीआरपीएफ की 87वीं बटालियन में अपनी सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे।

​खुशियों का सफर पल भर में मातम में बदला

​मृतक के भतीजे धर्मेंद्र कुमार ने इस दुखद घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जवान कंचन ठाकुर का परिवार मूल रूप से भोजपुरी जिले के बिहिया स्थित ससुराल में रहता था। रविवार को छुट्टी के दौरान जवान अपनी पत्नी चांदनी देवी, दो मासूम बच्चों और अपनी सास के साथ सासाराम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तुतला भवानी वाटरफॉल घूमने के लिए निकले थे।
​निमीयाडीह के पास जैसे ही उनकी ऑटो पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पर सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सीआरपीएफ जवान कंचन ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।

​पत्नी की हालत बेहद नाजुक, वाराणसी रेफर

​हादसे में घायल हुई जवान की पत्नी चांदनी देवी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर और उन्नत चिकित्सा के लिए वाराणसी के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। वहीं, जवान की मौत के बाद उनके पैतृक गांव डिहरा और परिवार में कोहराम मच गया है। छुट्टी पर घर आए एक देश के रक्षक की इस तरह अचानक हुई सड़क दुर्घटना में मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।