चंडीगढ़। हरियाणा में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का शेड्यूल बढ़ा दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की नई तारीख 3 अक्टूबर 2026 निर्धारित की है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन का कार्य अब 24 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा।

31 जुलाई से 30 अगस्त तक दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां

ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक मतदाता अपने नाम जोड़ने, हटाने या संशोधित कराने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।

इन सभी आवेदनों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।

3 अक्टूबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

आयोग ने दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित कार्यक्रम की जानकारी राजनीतिक दलों और आम जनता तक व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता समय रहते अपने नाम का सत्यापन करा सके और आवश्यक संशोधन करवा सके।