अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ ब्यौहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक हजार टन कोयला जब्त किया है। जब्त किए गए कोयले की कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। टिहकी स्थित एक कोल यार्ड में पुलिस ने दबिश देकर कोयले से संबंधित दस्तावेजों की जांच की लेकिन मौके पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने कोयला जब्त कर जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के कोयला कारोबारियों और खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

ये भी पढ़ें: 60 लाख फॉलोअर्स वाले सोशल मीडिया स्टार हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी ने दिया इस्तीफा, सस्पेंशन के बाद लिया बड़ा फैसला

थाना प्रभारी के नेतृत्व में यार्ड में रेड, नहीं मिले वैध कागज

ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टिहकी गांव में संचालित एक कोल यार्ड में पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी ज्याउल हक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यार्ड में खुले मैदान में रखे भारी मात्रा में कोयले की जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने कोयले के भंडारण और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की लेकिन मौके पर मौजूद संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

1000 टन कोयला जब्त

दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने मौके पर रखे लगभग एक हजार टन कोयले को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में कोयले की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और कोयले के स्रोत सहित उससे जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

ऋषभ पाण्डेय के नाम पर है लाइसेंस, फिर भी कोयला संदिग्ध

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित कोल यार्ड का लाइसेंस ऋषभ पाण्डेय के नाम पर है। हालांकि लाइसेंस होने के बावजूद जब्त कोयले से संबंधित वैध दस्तावेज अभी तक प्रस्तुत नहीं किए जा सके हैं। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिले में खनिज माफियाओं पर कस रहा प्रशासन का शिकंजा

गौरतलब है कि इन दिनों शहडोल जिले में खनिज विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान चला रहे हैं। जिले में लगातार अवैध रेत, कोयला और अन्य खनिजों के परिवहन एवं भंडारण पर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की लगातार सख्ती से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के बीच बेचैनी बढ़ गई है और खनन माफियाओं पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

ये भी पढ़ें: सिंगरौली में जमीन विवाद पर खूनी संघर्ष: लोहे के औजार और धारदार हथियारों से टूटे दो पक्ष, रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO वायरल

इस पूरे मामले में ब्यौहारी थाना प्रभारी ज्याउल हक ने जानकारी देते हुए बताया कि टिहकी में स्थित कोल यार्ड के फील्ड में पड़े कोयले संबंधी दस्तावेजों की मांग की गई थी लेकिन उनके द्वारा अभी तक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जा सका। जिस पर लगभग 1 हजार टन कोयला जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख के आसपास है जप्त कर कार्यवाही की गई है। दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m