अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिस हाथ में कानून की रक्षा की जिम्मेदारी है, उसी हाथ में थमा डंडा अगर आम नागरिकों पर बरसने लगे तो फिर इंसाफ की उम्मीद किससे की जाए। शहडोल के बुढ़ार में खाकी पर ऐसे ही गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने एक अधिवक्ता पर इस कदर लाठियां बरसाईं कि सिर फट गया, कान जख्मी हो गया और शरीर पर डंडों के लाल-काले निशान उभर आए, बीच-बचाव करने पहुंचे साथी भी कथित पुलिसिया मारपीट का शिकार हो गए। अब सवाल है, क्या खाकी की ताकत के आगे कानून और मानवता दोनों बौने हो गए।

ये भी पढ़ें: ‘शीतल पैराडाइज’ में अवैध निर्माणः 146 की जगह बना दिए 222 फ्लैट, पार्किंग की जगह तान दी दुकानें और कम्युनिटी हॉल, EOW में शिकायत

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार बुढ़ार थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती के पास रहने वाले अधिवक्ता अभिनव पाठक अपने कुछ साथियों के साथ दुर्गा पंडाल में हिसाब किताब का काम निपटाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे अपने साथियों के साथ फोन पर बातचीत करते हुए बुढ़ार बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी सामने से पुलिस वाहन में पहुंचे बुढ़ार पुलिस के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया और फिर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया, अधिवक्ता के साथ हुई कथित मारपीट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि उनके सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा और कान में भी गंभीर चोट आई। शरीर पर पड़े लाल-काले निशान कथित लाठीचार्ज की तस्वीर बयां कर रहे हैं। आरोप है कि अधिवक्ता को बचाने के लिए आगे आए उनके साथियों के साथ भी पुलिसकर्मियों ने मारपीट की, जिससे उनके शरीर पर भी चोटों के निशान आए हैं।

पुलिस का अलग एंगल आया सामने

हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से अलग पक्ष सामने आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि अधिवक्ता पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर रहे थे और झूमाझपटी पर उतर आए थे। पुलिसकर्मियों ने इसी परिस्थिति में अपने बचाव में कार्रवाई की।

ये भी पढ़ें: 25 दिन तक डर के साये में डिजिटल अरेस्ट रहे बुजुर्ग दंपत्ति! नकली CBI अफसरों ने जिंदगीभर की कमाई के 69 लाख ठगे

पुलिस की इस क्रूरता की कौन करेगा जांच?

लेकिन सवाल यह है कि यदि विवाद या झूमाझपटी की स्थिति बनी थी, तो क्या उसका जवाब लाठियों से इस तरह दिया जाना उचित था, आखिर कानून का पालन कराने वाली पुलिस के व्यवहार और कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कौन करेगा। वही इस मामले में SDOP धनपुरी का कहना है कि मामला अभी आपके माध्यम से संज्ञान में आया है, पुलिस के पास अभी कोई शिकायत नहीं आई है, यदि शिकायत आती है तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m