अजयारविंद नामदेव, शहडोल। अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच देशभर में डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर चर्चाओं के बीच शहडोल जिले से डीजल चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के बुढ़ार रेलवे स्टेशन पर खड़े रेल इंजन से अज्ञात चोर करीब 1200 लीटर से ज्यादा डीजल चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में हड़कंप मच गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बुढ़ार रेलवे स्टेशन के लाइन नंबर 5 में एक रेल डीजल इंजन खड़ा था। बीती रात अज्ञात चोरों ने इंजन का लॉक तोड़कर बड़ी मात्रा में डीजल निकाल लिया। बताया जा रहा है कि चोर इतने शातिर थे कि स्टेशन परिसर में लोगों की आवाजाही और मौजूदगी के बावजूद वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: कमर्शियल सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग: उज्जैन में गैस सिलेंडर का खेल बेनकाब, इंदौर से लाया जा रहा स्टॉक जब्त
खास बात यह है कि जिले में पहले भी ट्रकों और चार पहिया वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन रेलवे स्टेशन में खड़े इंजन से इतनी बड़ी मात्रा में डीजल चोरी होना बेहद गंभीर माना जा रहा है। गौरतलब है कि जिले में डीजल-पेट्रोल की कमी के चलते कई पेट्रोल पंपों में आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे समय में डीजल चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी चिंता का विषय बन गई है।
ये भी पढ़ें: ‘हेलीकॉप्टर नहीं, समय पर एंबुलेंस चाहिए’, समाजसेवी ने प्रशासन को दी चेतावनी, कहा- व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो…
वहीं पूरे मामले में आरपीएफ इंस्पेक्टर अनूपपुर एम पात्रा ने खुलकर जानकारी देने से इनकार किया, लेकिन दबी जुबान में स्वीकार किया कि रेल इंजन से डीजल चोरी हुआ है। उन्होंने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए जांच की जा रही है और चोरों की तलाश जारी है।


