अजयारविंद नामदेव, शहडोल। सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के दावों के बीच जब जिम्मेदार अधिकारी खुद व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे तो लापरवाही सामने आ गई। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विधायक शरद कोल और कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने जयसिंहनगर जनपद पंचायत अंतर्गत नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बनसुकली का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और प्रभारी प्राचार्य को हटाने के निर्देश दे दिए।

ये भी पढ़ें: जनविश्वास अभियान में ड्यूटी, दूसरी जगह शराब के नशे में ASI की दबंगई, आदिवासियों से गाली-गलौज, 4 मुर्गी छीनी और 10 की करता रहा डिमांड

कम्प्यूटर कक्ष से लेकर शौचालयों का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान विधायक और कलेक्टर ने विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष, विभिन्न कक्षाओं और शौचालयों का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली, व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने प्रभारी प्राचार्य के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें हटाने के निर्देश दिए,साथ ही स्पष्ट किया कि विद्यालय का संचालन जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जरूरी सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।

छात्राओं ने बताई अपनी पीड़ा, कहा- ‘पहले नहीं था शौचालय’

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, इस दौरान छात्राओं ने बताया कि हाल ही में विद्यालय में शौचालय का निर्माण कराया गया है, जबकि इससे पहले शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, छात्राओं की यह बात सुनकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं में लापरवाही बरतने पर कड़ी फटकार लगाई।

ये भी पढ़ें: बुढ़ार में खाकी पर गंभीर आरोप: अधिवक्ता को बेरहमी से पीटा, सिर फटा-कान जख्मी; बचाने आए साथियों से भी मारपीट

कलेक्टर की सख्त चेतावनी कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि छात्रावास और विद्यालय में छात्राओं की जरूरतों को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं तुरंत सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुविधाओं से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m