अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ा डीजल चोरी का मामला अब गंभीर मोड़ लेता नजर आ रहा है। एक तरफ जहां अमलाई थाना क्षेत्र में ट्रकों में भरने के बजाय डीजल को प्लास्टिक के डिब्बों में निकालकर बेचने का कथित खेल CCTV कैमरों में कैद होने का दावा किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर बुढ़ार थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के शक में ट्रक चालकों को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटने का कथित वीडियो सामने आया है। दोनों घटनाओं ने ट्रांसपोर्ट कारोबार के साथ-साथ पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
READ MORE: मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा: यहां दो दिन में 400 किलो से ज्यादा संदिग्ध घी किया जब्त, दुकानों से भी लिए सैंपल
अमलाई क्षेत्र के मामले में उमरिया निवासी ट्रांसपोर्टर अब्दुल खान का आरोप है कि उनके ट्रकों के चालक पेट्रोल पंप पर वाहन की टंकी के अलावा अलग से लाए गए बड़े प्लास्टिक डिब्बों में भी डीजल भरवाते थे। आरोप है कि वाहन मालिक को पूरे डीजल का बिल दिया जाता था, जबकि कुछ डीजल निकालकर बेच दिया जाता था। कई ट्रकों के नंबर और CCTV फुटेज सामने आने के बाद पीड़ित ने 31 जुलाई को शिकायत की और 3 अगस्त को साक्ष्य के साथ पुलिस को जानकारी दी। कार्रवाई नहीं होने पर 7 अगस्त को एसपी से शिकायत की गई।
इसी बीच बुढ़ार के हिन्द ट्रांसपोर्ट कार्यालय से कथित मारपीट का वीडियो सामने आया, आरोप है कि डीजल चोरी के संदेह में कुछ ट्रक चालकों को कमरे में बंद कर उनके साथ लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे कथित कबूलनामा लिखवाने के साथ सादे कागज पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लिए गए तथा शिकायत करने पर धमकी दी गई।
READ MORE: बड़ा फर्जीवाड़ा: फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर CMHO दफ्तर पहुंचे दो युवक, पुलिस ने हिरासत में लिया
दोनों मामलों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि डीजल चोरी हुई है तो जांच और कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाने के बजाय कथित तौर पर कानून हाथ में लेकर मारपीट क्यों की गई, और यदि CCTV में चोरी के पुख्ता साक्ष्य मौजूद हैं, तो पुलिस कार्रवाई में देरी क्यों।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


