अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जब पूरा गांव सो रहा था तब वन विभाग की टीम ने एक गुप्त सूचना पर ऐसी स्ट्राइक की कि शिकारियों के होश उड़ गए। मामला शहडोल के ग्राम सल्दा का है, जहां बंशीलाल बैगा के घर छापेमारी की गई। इस दौरान मौके का नजारा देखकर वन अमला भी हैरान रह गया। दरअसल आंगन की झोपड़ी में चीतल का मांस पकाया जा रहा था। वहीं तलाशी के दौरान झोपड़ी में पके हुए मांस और चावल के साथ खाल का टुकड़ा और चीतल का सींग बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी संतोष सिंह के साथ मिलकर दावत उड़ाने की बात कबूल कर ली। टीम ने कार्रवाई करते हुए चीतल के शिकार और उसके मांस के सेवन के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़ें: घर में घुसकर महिला से बर्बरता, बचाने आए युवक को उतारा मौत के घाट! BJP नेता पर केस दर्ज
तड़के 5 बजे रेड, आंगन की झोपड़ी में पक रहा था चीतल का मांस
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 5 बजे वन विभाग को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद टीम ने बंसीलाल बैगा के घर पर दबिश दी। मौके पर पहुंचे वन अमले को देखकर होश उड़ गए। घर के आंगन में बनी झोपड़ी में एक बर्तन में चावल के साथ चीतल का मांस पकाया जा रहा था। तलाशी लेने पर घर के अंदर से चीतल का एक सींग और खाल का टुकड़ा भी बरामद हुआ। जब अधिकारियों ने इनसे संबंधित दस्तावेज माँगे, तो आरोपी कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका।
ये भी पढ़ें: ये कैसी स्वास्थ्य व्यवस्था? सतना में मरीज को ई रिक्शा से लेकर वार्ड तक पहुंचाया, इधर सिंगरौली में बाइक पर मासूम का शव रखकर ले गए परिजन
साथी के साथ मिलकर उड़ा रहा था दावत, दोनों भेजे गए जेल
सख्त पूछताछ में आरोपी बंसीलाल बैगा ने अपने साथी संतोष सिंह के साथ मिलकर चीतल का शिकार करने और उसकी दावत उड़ाने की बात कबूल कर ली। वन विभाग ने मौके से ही वन्यजीव अवशेषों को जब्त कर सील कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया गया। कोर्ट में पेशी और मेडिकल परीक्षण के बाद दोनों शिकारियों को जिला जेल शहडोल भेज दिया गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव तस्करी और शिकार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


