अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले में राजस्व विभाग की साख को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। सोहागपुर तहसील के हल्का नंबर 72 में पदस्थ पटवारी आशीष सोनकर पर एक बेसहारा अनाथ युवती के साथ पद का दुरुपयोग, रिश्वतखोरी और वॉट्सऐप पर अश्लील बातचीत कर शोषण का प्रयास करने के सनसनीखेज आरोप लगे हैं। पीड़िता ने पूरे मामले के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और चैट स्क्रीनशॉट्स के साथ जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में अवैध अफीम खेती केस में जांच फेल! 4 साल में नहीं मिला असली जिम्मेदार, कोर्ट ने लगाई फटकार
अनाथ युवती की मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश
सोहागपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती ने बताया कि उसके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और ग्राम पंचायत चापा में उनकी पुश्तैनी जमीन है। जमीन संबंधी काम और जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए उन्होंने हल्का नंबर 72 के पटवारी आशीष सोनकर से संपर्क किया था।
20 हजार रुपए की रिश्वत का आरोप
शिकायत के अनुसार युवती का आरोप है कि काम कराने के एवज में उनसे 20 हजार रुपए की मांग की गई, जिसमें से 15 हजार रुपए नकद देने का दावा किया गया है। युवती ने लेन-देन और बातचीत से संबंधित व्हाट्सऐप चैट को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित होने की बात कही है।
होटल बुलाने और ‘डर्टी चैट’ का सनसनीखेज दावा
शिकायत का सबसे गंभीर पहलू पटवारी पर अश्लील और आपत्तिजनक व्हाट्सऐप बातचीत करने का आरोप है। युवती का दावा है कि पटवारी ने काम कराने के बदले उसे होटल में बुलाने और अपने साथ रहने जैसी बातें कहीं, युवती ने इसे अपने शासकीय पद और अधिकार का दुरुपयोग बताते हुए मानसिक दबाव और शोषण का प्रयास बताया है।
धमकी और काम रोकने का आरोप
युवती का यह भी आरोप है कि शिकायत करने की बात कहने के बाद उसके जमीन संबंधी काम नहीं किए गए और जाति प्रमाण-पत्र भी नहीं बनाया गया, वहीं पटवारी के सहयोगी रवि पर शिकायत नहीं करने के लिए दबाव बनाने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
कलेक्टर से की शिकायत
शिकायत के मुताबिक, 22 अगस्त को भी इस मामले में कलेक्टर के समक्ष शिकायत और साक्ष्य प्रस्तुत किए गए थे। अब युवती ने स्वयं कलेक्टर के समक्ष शिकायत देकर व्हाट्सऐप चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने तथा मामले में विभागीय कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: राजगढ़ में फैल रहा खतरनाक बैक्टीरियल इंफेक्शन! 70 से ज्यादा केस मिले, संक्रमण बढ़ने पर एक मरीज का पंजा काटा
पटवारी ने साधी चुप्पी
वही इस मामले में आरोपो में घिरे पटवारी आशीष सोनकर से संपर्क कर उनसे इस मामले में उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्हें इस मामले में बाद में बात करने की बात कहकर फोन डिस्कनेक्ट कर दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


