अजयारविंद नामदेव, शहडोल। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब देश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में भी पेट्रोल-डीजल की किल्लत देखने को मिल रही है। हालात ऐसे बन गए कि जिला मुख्यालय के कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने से पंप शटडाउन हो गए और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, आलम ये है कि लोग अधिक दामों में बाहर से बोतलों में पेट्रोल और बड़े डिब्बों में डीजल लाकर अपने वाहनों की प्यास बुझा रहे, जो खतरनाक साबित हो सकता है।
शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले नथमल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म होने के बाद अफरा-तफरी जैसी स्थिति निर्मित हो गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों की लंबी कतारें सड़क तक लग गईं। लोग घंटों अपने वाहनों के साथ पेट्रोल और डीजल मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन जब तेल नहीं मिला तो कई उपभोक्ता मजबूरी में बाहर से बोतलों और बड़े डिब्बों में महंगे दाम पर पेट्रोल और डीजल खरीदते नजर आए।
ये भी पढ़ें: ATS की बड़ी कार्रवाई: मास्टरमाइंड नईम कुरैशी गिरफ्तार, देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप
थोड़ी सी लापरवाही से हो सकती है दुर्घटना
स्थिति इतनी खराब हो गई कि कुछ लोग खुलेआम प्लास्टिक की बोतलों में पेट्रोल बेचते दिखाई दिए। जानकारों का मानना है कि इस तरह बोतलों में पेट्रोल रखना और बेचना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार पेट्रोल-डीजल की कमी बनी हुई है। अचानक सप्लाई रुकने और पंपों के शटडाउन होने से वाहन चालकों में पैनिक का माहौल है।
ये भी पढ़ें: मंदसौर में पंजाब नेशनल बैंक में 1 करोड़ से ज्यादा का गबन: पूर्व शाखा प्रबंधक समेत उप प्रबंधक निलंबित, FIR दर्ज
लोग जरूरी काम छोड़कर पहले पेट्रोल भरवाने की जुगाड़ में लगे हुए हैं। हालांकि प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से अब तक स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। लेकिन अगर जल्द ही सप्लाई व्यवस्था सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।


