रक्षाबंधन के दिन शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के आकाशवाणी रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ने के बाद इसकी सूचना शास्त्री नगर थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
FSL टीम ने मौके से जुटाए नमूने
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। सीनियर साइंटिस्ट अनिल कुमार के नेतृत्व में पहुंची FSL टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इस दौरान टीम ने ब्लड सैंपल सहित कई अन्य जरूरी नमूने भी एकत्र किए।
नशे के ओवरडोज की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत नशे के ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में शव पर चोट या मारपीट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। इसके बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं। आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक के बारे में कोई जानकारी मिल सके।
इसके अलावा पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक वहां कब पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच का इंतजार है। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह का खुलासा होने की उम्मीद है।


