परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक सनसनीखेज और बेहद गंभीर मामला सामने आया है। गुजरात में पुलिस अभिरक्षा के दौरान एक प्रेमी द्वारा अपनी प्रेमिका की गला रेतकर हत्या करने की वारदात के बाद, शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपरसमा में भारी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। गांव में मारपीट और प्रतिशोध के डर से जाटव समाज के करीब 30 से 40 परिवार अपने घरों में ताले डालकर गांव छोड़कर भाग गए हैं। पूरे गांव में इस वक्त सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं।
ये भी पढ़ें: अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश: भागवत कथा में महिलाओं को बनाते थे निशाना, 4 महिलाओं समेत 7 गिरफ्तार, 50 लाख का माल बरामद
क्या है पूरा मामला? 8 जून को घर से भागा था प्रेमी जोड़ा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरसमा का रहने वाला जाटव समाज का 25 वर्षीय युवक संतोष जाटव, 8 जून को गांव की ही धाकड़ समाज की युवती रजनी धाकड़ के साथ घर से भाग गया था। इस घटना के बाद से ही गांव में दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी और तभी से कुछ लोग गांव छोड़ रहे थे।
युवती के परिजनों की शिकायत पर शिवपुरी की देहात थाना पुलिस लड़की के घरवालों को साथ लेकर दोनों की तलाश में गुजरात गई थी। गुजरात में पुलिस ने प्रेमी जोड़े को अपनी अभिरक्षा (Custody) में ले लिया और रात गुजारने के लिए पुलिस टीम व परिजन एक होटल में रुक गए।
होटल के कमरे में प्रेमिका की हत्या कर खुदकुशी का प्रयास
होटल में रुकने के दौरान, रात के समय आरोपी संतोष जाटव ने मौका पाकर अपनी प्रेमिका रजनी धाकड़ की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल संतोष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
शिवपुरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए गंभीर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने शिवपुरी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। पुलिस कस्टडी में होते हुए भी आरोपी के पास होटल के कमरे में धारदार चाकू या नुकीला हथियार कहां से आया? इसके अलावा, प्रेमी जोड़े को दस्तयाब करने गई पुलिस टीम में कोई भी महिला पुलिसकर्मी क्यों शामिल नहीं थी? ये ऐसे कई गंभीर पेंच हैं, जो पुलिस की बड़ी लापरवाही की ओर इशारा कर रहे हैं।
दबंग परिवार के दहशत में डूबा गांव
गुजरात में हुई इस खूनी वारदात की खबर जैसे ही पिपरसमा गांव पहुंची, जाटव समाज के लोग किसी बड़ी अनहोनी या मारपीट की आशंका के चलते अचानक घरों में ताले लगाकर पलायन कर गए। गांव में जो गिने-चुने लोग बचे भी हैं, वे खौफ के कारण कैमरे के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
ये भी पढ़ें: बीना-ग्वालियर पैसेंजर में 16 लाख के गहने पार: शातिर चोरों ने चलती ट्रेन में काटा ट्रॉली बैग, 10 सदस्यीय टीम जांच में जुटी
एसपी बोले- कारणों का पता लगा रहे हैं
इस संवेदनशील मामले पर शिवपुरी पुलिस अधीक्षक (SP) का कहना है कि करीब 30 जाटव परिवारों के घर छोड़कर जाने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करा रही है और पलायन के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है। हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि वे ग्रामीण खेतों में काम के सिलसिले से बाहर गए हैं। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

