कर्नाटक में सिद्धारमैया द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. डीके शिवकुमार अब प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बनेंगे. प्रदेश में नए नेतृत्व के साथ बन रही नई सरकार के गठन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. जानकारी के अनुसार, डीके शिवकुमार ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है.
कैबिनेट में सिद्धारमैया के बेटे को जगह
सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार के नेतृत्व में बन रही नई सरकार में अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए कई वरिष्ठ नेताओं और कुछ नए चेहरों को जगह दी जा सकती है. संभावित मंत्रियों की सूची भी सामने आई है, जिसमें कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं. नई कैबिनेट में यतींद्र सिद्धारमैया (सिद्धारमैया के बेटे और MLC), दिनेश गुंडू राव, लक्ष्मी हेब्बालकर, रामलिंगा रेड्डी, रिजवान अरशद, यू.टी. खादर, शरथ बाचेगौड़ा, ए.एस. पोन्नन्ना और बायराथी सुरेश को शामिल किया जा सकता है. इसके अलावा प्रियंक खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के बेटे), एम.बी. पाटिल, जी. परमेश्वर, कृष्णा बायरेगौड़ा, ईश्वर खंड्रे, के.जे. जॉर्ज, एच.सी. महादेवप्पा और संतोष लाड के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में बताए जा रहे हैं.
अभी क्या करते हैं यतींद्र?
यतींद्र सिद्धारमैया अभी कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य हैं. वह पूर्व में पिता सिद्धारमैया की सीट वरुणा ने विधायक भी रह चुके हैं. यह सीट मैसूर जिले में है. इस सीट से सीएम सिद्धारमैया विधायक हैं. 2018 में यतींद्र जीते थे. ऐसे में इस सीट पर 2008 सिद्धारमैया पिता-पुत्र का कब्जा है. यतींद्र सिद्धारमैया की उम्र अभी 45 साल है. वे पेशे से डाॅक्टर हैं. उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री ली है. वे एक राजनेता के साथ पैथोलॉजिस्ट हैं. वे राजनीति में खास सक्रिय हैं. यतींद्र सिद्धारमैया का कैबिनेट में मंत्री पद तय माना जा रहा है. अगर वह डिप्टी सीएम बनते हैं तो यह एक बड़ा सरप्राइज होगा. सिद्धारमैया के बड़े राकेश का निधन हो गया था. बड़े भाई की मौत के बाद ही यतींद्र राजनीति में आए थे.
आज शाम 4 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक
कर्नाटक में आज शाम चार बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी, जिसको लेकर सबकी निगाहें डीके शिवकुमार पर टिकी हुई हैं. बता दें कि, डीके शिवकुमार ने शुक्रवार 29 मई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी और उनके पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था. शुक्रवार को उन्होंने कहा था कि बैठक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करना तत्काल प्राथमिकता है और अन्य मामलों पर इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही चर्चा की जाएगी.
सिद्धारमैया की अध्यक्षता में होगी मीटिंग
सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है. नव निर्वाचित सीएलपी नेता के मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनने की उम्मीद है. वर्तमान विधायक दल के नेता के तौर पर सिद्धारमैया बैठक की अध्यक्षता करेंगे. कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार, एआईसीसी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद के फ्लोर लीडर एनएस बोस राजू और पार्टी के सभी कार्यकारी अध्यक्ष बैठक में उपस्थित रहेंगे. यह घोषणा कांग्रेस विधायक और विधायक दल के सचिव अल्लामा प्रभु पाटिल ने की थी. सभी विधायकों, एमएलसी, लोकसभा सदस्यों और राज्यसभा सदस्यों को बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

