हेमंत शर्मा, इंदौर। टीवी रियलिटी शो ‘इंडियाज़ टैलेंट फाइट’ से पहचान बनाने वाले युवा सिंगर, रैपर और लेखक रोहित खरे ने साहित्य की दुनिया में भी कदम रख दिया है। उनकी पहली पोएट्री बुक ‘मन की व्यती और दिल की जुबान’ प्रकाशित हो गई है। बुकलीफ पब्लिशिंग द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है। 

104 पन्नों की इस पुस्तक में लेखक ने जिंदगी के अनकहे एहसास, रिश्तों की उलझनें, प्रेम, अकेलापन और मन के भावों को सरल और संवेदनशील शब्दों में पिरोया है। लेखक का कहना है कि यह किताब उन भावनाओं को आवाज देती है, जिन्हें लोग महसूस तो करते हैं, लेकिन अक्सर शब्द नहीं दे पाते।

कोविड के दौर में मिली किताब लिखने की प्रेरणा

रोहित खरे के मुताबिक कोविड-19 के दौरान लोगों के भीतर बढ़े अकेलेपन और मानसिक संघर्ष ने उन्हें दोबारा लेखन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया। उसी दौरान लिखी गई कविताओं का संग्रह अब ‘मन की व्यती और दिल की जुबान’ के रूप में पाठकों के सामने है।

देश-विदेश में उपलब्ध हुई पुस्तक

बुकलीफ पब्लिशिंग द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय बुक नेटवर्क Barnes & Noble और Ingram पर भी उपलब्ध है। वहीं भारतीय पाठक इसे Amazon India और Flipkart के माध्यम से भी खरीद सकते हैं। पेपरबैक संस्करण की कीमत 350 रुपये रखी गई है।

कई क्षेत्रों में बनाई पहचान

उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी रोहित खरे ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से एमबीए किया है। वे कॉलेज के समय से ही कविता और शायरी लिखते रहे हैं। लेखन के अलावा वे सिंगर, रैपर और गीतकार भी हैं। वे ‘इंडियाज़ टैलेंट फाइट’ सीजन-7, 9XM और दूरदर्शन के कार्यक्रम ‘किस्मे कितना है दम’ में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।

युवाओं को पसंद आ रही किताब

लेखक का दावा है कि पुस्तक को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। खासकर युवा पाठकों के बीच इसकी कविताएं और सरल भाषा पसंद की जा रही है। किताब का उद्देश्य केवल कविता पढ़ाना नहीं, बल्कि उन भावनाओं को शब्द देना है जिन्हें लोग अपने भीतर दबाकर रखते हैं।

‘मन की व्यती और दिल की जुबान’ हिंदी कविता और आधुनिक शायरी में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए एक नया विकल्प बनकर सामने आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m