सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के ऊर्जाधानी सिंगरौली जिले में सक्रिय डीजल माफिया के संगठित सिंडिकेट पर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। बैढ़न थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौगढ़ कन्वेयर चौराहा के पास जबर्दस्त घेराबंदी की और एक संदिग्ध टैंकर क्रमांक CG10BS7184 को धर दबोचा।
ये भी पढ़ें: रेत माफिया के खौफनाक खेल पर पुलिस का प्रहार! ‘Lalluram.com’ के खुलासे के बाद बैकफुट पर दबंग, 4 आरोपियों पर दर्ज हुआ केस
20 हजार लीटर अवैध डीजल बरामद, 55 लाख का कुल मशरूका जब्त
जांच के दौरान टैंकर के अंदर से लगभग 20,000 लीटर अवैध डीजल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 लाख के डीजल और टैंकर समेत कुल 55 लाख रुपये का मशरूका मौके से जब्त कर लिया। पुलिस ने मोरवा निवासी चालक कमल यादव को हिरासत में लिया, जो मौके पर डीजल के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सका।
पेट्रोल पंप मैनेजर की मिलीभगत से सासन माइंस भेजने की थी तैयारी
आरोपी चालक ने खुलासा किया कि यह अवैध डीजल ‘राधे फीलिंग स्टेशन गोंदवाली’ से पंप मैनेजर की सांठगांठ और मिलीभगत से भरा गया था, जिसे सासन पावर कोल माइंस की तरफ खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।
ये भी पढ़ें: टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर आक्रोश! सिरमौर में ग्रामीणों ने बैरंग लौटाई मशीनें, 100 गांवों में बगावत
पंप मैनेजर और टैंकर मालिक पर कसा शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैढ़न थाना पुलिस ने आरोपी चालक सहित अन्य सहयोगियों के खिलाफ धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल टैंकर मालिक और पेट्रोल पंप मैनेजर की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है, और जल्द ही इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य बड़े चेहरों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

