दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण(Special Intensive Revision) यानी SIR की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। यह प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी और 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार (Ashok Kumar) ने बुधवार को बताया कि पूरी प्रक्रिया बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन के माध्यम से पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, 20 जून से 29 जून तक बीएलओ का प्रशिक्षण दिया जाएगा और गणना प्रपत्रों व अन्य दस्तावेजों की छपाई जैसी आंतरिक तैयारियां पूरी की जाएंगी। एसआईआर प्रक्रिया के तहत बीएलओ प्रत्येक घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, ताकि मतदाता सूची को अपडेट और त्रुटिरहित बनाया जा सके। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट न जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस दौरान जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी और मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने व जमा करने में सहायता के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। सत्यापन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में जांच और निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और त्रुटिरहित रहे। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों को भी शामिल किया जाएगा। बूथ स्तर एजेंटों (BLA) के माध्यम से दल सत्यापन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बताया कि एसआईआर से जुड़ी सभी जानकारियां नियमित रूप से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए साझा की जाएंगी, ताकि आम नागरिक और राजनीतिक दल दोनों को अपडेट मिलता रहे।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) के तहत मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) की दो प्रतियां दी जाएंगी। इनमें से एक प्रति भरकर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को वापस जमा करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति मतदाता के पास रिकॉर्ड के रूप में रहेगी। अधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया में मतदाताओं को ऑनलाइन माध्यम से भी गणना प्रपत्र जमा करने की सुविधा दी जाएगी, जिससे प्रक्रिया और अधिक सरल और सुलभ हो सके। अधिकारियों के अनुसार, इस पुनरीक्षण प्रक्रिया में 1 अक्टूबर तक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु प्राप्त करने वाले सभी पात्र मतदाताओं को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
13 हजार से अधिक BLO घर-घर जाएंगे
इस प्रक्रिया में 13,000 से अधिक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना कार्य करेंगे और मतदाता सूची को अद्यतन करेंगे। मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक मौजूदा मतदाता को गणना प्रपत्र (दो प्रतियों में) दिया जाएगा। इनमें से एक प्रति भरकर मतदाता को बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को वापस जमा करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति अपने पास रखी जा सकेगी। SIR प्रक्रिया के दौरान BLO घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, जिससे किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।
सत्यापन का कार्य 29 जुलाई तक चलेगा
इसके तहत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई तक चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, सत्यापन पूरा होने के बाद 5 अगस्त को मसौदा (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद आपत्तियों और सुधार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में BLO घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण जांचेंगे और गणना प्रपत्र के आधार पर सूची को अपडेट करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

