Odisha Desk, भुवनेश्वर: पश्चिम बंगाल के तट के पास बंगाली मछली पकड़ने वाली नाव (ट्रॉलर) ‘मां काली’ के समुद्र में डूबने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस हादसे में अब तक 9 मछुआरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 6 अन्य मछुआरे अब भी लापता हैं। लापता लोगों में ओडिशा के तीन मछुआरे भी शामिल हैं, जो आपस में सगे भाई हैं। इस घटना को लेकर ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक ने गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है।

नवीन पटनायक ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, “बंगाल की खाड़ी में काकद्वीप के पास समुद्र में कई मछुआरों के लापता होने और जान गंवाने की खबर से मुझे गहरा आघात लगा है। यह जानकर कि लापता मछुआरों में से तीन ओडिशा के हैं, मैं बेहद चिंतित हूं। मैं इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले मछुआरों की आत्मा की शांति की कामना करता हूं और साथ ही भगवान से प्रार्थना करता हूं कि जो मछुआरे अभी भी लापता हैं, वे सुरक्षित लौट आएं। दुःख की इस घड़ी में मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

ओडिशा के बालेश्वर के रहने वाले हैं लापता तीन भाई

हादसे का शिकार हुए और समुद्र में लापता ओडिशा के तीनों मछुआरों की पहचान रबिंद्र माझी, जगन्नाथ माझी और जयराम माझी के रूप में हुई है। ये तीनों सगे भाई ओडिशा के बालेश्वर (बालासोर) जिले के भोगराई ब्लॉक के उलुड़ा गांव के निवासी हैं। घर के तीन बेटों के एक साथ समुद्र में लापता होने की खबर से पीड़ित परिवार पूरी तरह टूट चुका है और गांव में मातम का माहौल है।

तटीय इलाकों में शोक की लहर

यह भीषण हादसा पश्चिम बंगाल के काकद्वीप के पास गहरे समुद्र में हुआ, जहां खराब मौसम या किसी अन्य तकनीकी कारण से ‘मां काली’ ट्रॉलर पलट गया। स्थानीय प्रशासन और भारतीय तटरक्षक बल की टीमें लगातार लापता मछुआरों की तलाश में जुटी हैं। इस दर्दनाक हादसे ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल दोनों राज्यों के तटीय मछुआरा समुदायों को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय मछुआरे और ग्रामीण भगवान से तीनों भाइयों समेत सभी लापता लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m