सुशील खरे, रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले की आलोट तहसील के ग्राम लूणी के पास इंदौर-जोधपुर रणथंभौर एक्सप्रेस में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के एक सामान्य (जनरल) कोच से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं उठते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और ट्रेन रुकते ही कई यात्री घबराकर कोच से बाहर निकल आए।
‘कोई देख न ले…’ छाते की आड़ में चुपके से दारू की चुस्की लेते बुजुर्ग सब्जी वाले का वीडियो वायरल
आपातकालीन ब्रेक लगाने पड़े
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन को आगे सिग्नल नहीं मिलने के कारण आपातकालीन ब्रेक (इमरजेंसी ब्रेक) लगाने पड़े। अचानक लगाए गए ब्रेक के बाद सामान्य कोच के पहियों और ब्रेक सिस्टम में घर्षण बढ़ने से धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल स्थिति संभाली और ट्रेन को लूणी-रिछा क्षेत्र में रोककर जांच शुरू की गई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी एवं तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और कोच तथा ब्रेक सिस्टम का निरीक्षण किया।
अप लाइन का रेल यातायात प्रभावित
इस घटना के चलते अप लाइन का रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। अवध एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों को भी एहतियातन विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार यह मामला तकनीकी खराबी की बजाय आपातकालीन ब्रेक लगने के कारण उत्पन्न हुए धुएं का बताया जा रहा है। फिलहाल किसी भी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी

