रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बहुप्रतीक्षित इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। परियोजना के टीही-धार रेल खंड पर जल्द ही ट्रेनों के संचालन और ट्रैक की मजबूती परखने के लिए निरीक्षण एवं हाई-स्पीड ट्रायल की तैयारियां जोरों पर हैं। इस रेल खंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे (130 Kmph) की रफ्तार से स्पीड ट्रायल किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी अनहोनी को टालने के लिए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा को लेकर रेलवे की चेतावनी
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित हाई-स्पीड ट्रायल को ध्यान में रखते हुए रेलवे ट्रैक के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तियों में मुनादी कराई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक पर चलना, बैठना या किसी भी प्रकार की गतिविधि करना बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है।लोगों से यह भी विशेष अपील की जा रही है कि वे अपने पशुओं को भी रेलवे ट्रैक से पूरी तरह दूर रखें।
6 नवंबर को विशेष सतर्कता
आगामी 6 नवंबर को सुबह 8:00 से 9:00 बजे के बीच ट्रैक से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए माइक के माध्यम से विशेष प्रचार-प्रसार करवाया जा रहा है, साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासनिक सतर्कता के बाद लापरवाही की तस्वीरें
रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लोगों की जानमाल की सुरक्षा के लिए तमाम एहतियाती कदम उठा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ मैदानी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। तमाम चेतावनियों के बाद लोग बिना किसी डर या सावधानी के बेखौफ होकर रेलवे ट्रैक से गुजर रहे हैं। आलम यह है कि लोग अपने मवेशियों को लेकर सीधे रेलवे ट्रैक के बीच से निकलते नजर आ रहे हैं, जो कभी भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने मवेशियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें और स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास बिल्कुल न जाएं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

