सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम में तेज रफ्तार और लापरवाही से टैक्सी चलाना एक चालक को भारी पड़ गया। बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद आरोपी ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्रता और हाथापाई कर सरकारी कार्य में भी बाधा डाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट टैक्सी जब्त कर ली है।
हादसे के बाद पुलिस से भी की बदसलूकी
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर ERV-103 की टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान कार चालक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई और अभद्र व्यवहार किया, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर
घायल बाइक सवार ने अस्पताल में होश आने के बाद पुलिस को बताया कि वह M3M ऑफिस से अपने घर जा रहा था। जब वह OCUS मॉल, सेक्टर-51 के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई स्विफ्ट कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बिहार निवासी आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के बाद पुलिस ने 13 जुलाई को आरोपी अजय कुमार (26) निवासी मधुबनी, बिहार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने की बात स्वीकार की।पुलिस ने आरोपी की स्विफ्ट टैक्सी जब्त कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।

