SRH vs PBKS IPL 2026: IPL 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स (PBKS) को 33 रन से हरा दिया। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में कूपर कोनेली के नाबाद शतक के बावजूद पंजाब की टीम 202 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ SRH ने पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया, जबकि पंजाब किंग्स को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

हैदराबाद की पारी, क्लासेन और किशन ने लगाई फिफ्टी

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत देते हुए पावरप्ले में ही पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। ट्रैविस हेड ने 19 गेंदों में 38 रन की तेज पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 13 गेंदों पर 35 रन बनाकर रनगति को तेजी दी। दोनों के आउट होने के बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभालते हुए बड़े शॉट्स लगाए।

क्लासेन ने शानदार 69 रन की पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 55 रन बनाकर अर्धशतक पूरा किया। वहीं नितीश रेड्डी 26 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

पंजाब किंग्स की ओर से गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को 1-1 विकेट मिला।

पंजाब की खराब शुरुआत, काम नहीं आया कूपर कोनोली का शतक

236 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रियांश आर्य सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि प्रभसिमरन सिंह भी 3 रन ही बना सके। कप्तान श्रेयस अय्यर भी 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कूपर कोनेली ने अकेले दम पर पंजाब की पारी संभालने की कोशिश की। उन्होंने 59 गेंदों में नाबाद 107 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 8 छक्के लगाए। हालांकि दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा समर्थन नहीं मिला। मार्कस स्टोइनिस ने 28 रन और सूर्यांश शेडगे ने 25 रन बनाए, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 202 रन ही बना सकी।

सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से कप्तान पैट कमिंस और शिवांग कुमार ने 2-2 विकेट झटके। वहीं नितीश कुमार रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन को 1-1 विकेट मिला।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (SRH vs PBKS IPL 2026)

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)

अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, इशान मलिंगा, साकिब हुसैन

इम्पैक्ट प्लेयर: हर्ष दुबे

पंजाब किंग्स (PBKS)

प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

इम्पैक्ट प्लेयर: प्रियांश आर्य

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H