Jawahar Navodaya Vidyalaya Sri Ganganagar: शिक्षा के बड़े केंद्र माने जाने वाले पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, महियांवाली में व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। यहां बच्चों को मिड-डे मील में कच्ची रोटियां परोसी जा रही थीं। शिकायत मिलने पर जिला प्रमुख दुल्लाराम इंदलिया ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जो देखा, वह किसी भी अभिभावक को परेशान करने के लिए काफी है।

हॉस्टल में गर्मी से बेहाल थे छात्र
निरीक्षण के दौरान जिला प्रमुख जब हॉस्टल पहुंचे, तो वहां का नजारा हैरान कर देने वाला था। बिजली और पंखे बंद होने के कारण छात्र गर्मी से बेहाल थे। उनकी पढ़ाई भीषण गर्मी के बीच जारी थी। इसके अलावा, हॉस्टल में बिछी बेडशीट अत्यंत गंदी मिलीं। इन पर जमा गंदगी और फंगस से छात्रों के बीमार होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
स्टाफ का अजीब तर्क, जिला प्रमुख का तल्ख सवाल
विद्यालय प्रशासन ने अपनी सफाई में कहा कि रोटी सेंकने वाली मशीन करीब 15 दिनों से खराब है। उन्होंने बताया कि मैकेनिक उपलब्ध न होने के कारण रोटी सही से नहीं पक पा रही है। ज्यादा सेंकने पर रोटियां जल जाती हैं और कम सेंकने पर कच्ची रह जाती हैं।
इस पर जिला प्रमुख दुल्लाराम इंदलिया ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्टाफ से सवाल किया क्या आप लोग भी अपने बच्चों को यही कच्चा खाना खिलाते हैं? निरीक्षण के दौरान उन्होंने तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर ही केबल मंगवाकर हॉस्टल में बिजली की सप्लाई बहाल करवाई।
दुल्लाराम इंदलिया ने छात्रों के स्वास्थ्य और उनकी पढ़ाई से खिलवाड़ को गंभीर अपराध बताया है। उन्होंने श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने पूरे मामले को संसद में उठाने का आग्रह किया है। इसके अलावा, जिला कलेक्टर को भी घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी दी गई है।
पढ़ें ये खबरें
- CAG रिपोर्ट में बड़ा खुलासा : छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन की रफ्तार सुस्त, हजारों एकल ग्राम योजनाएं अधूरी
- तीन बड़ी चोरियों का खुलासा : अंतरराज्यीय गिरोह समेत 12 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 20 लाख से अधिक की संपत्ति की बरामद
- कैथल में 17 जुलाई को पीएम मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
- ‘मुझे फर्स्ट आना है’, नीरज सिन्हा ने PK और रेखा गुप्ता को चुनौती मानने से किया इंकार
- जींद में पीएम मोदी की रैली, भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत, कार्यकर्ताओं ने लिया ये संकल्प
