कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। रिश्तों को कलंकित करने वाला एक ऐसा सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक सौतेले पिता ने अपनी ही 11 साल की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं शातिर आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही थाने में बेटी के अपहरण की झूठी कहानी रच डाली। सिरोल थाना पुलिस ने पूरे 7 दिनों की कड़ी मशक्कत और सघन जांच के बाद इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें : सौतेले पिता की दरिंदगी: मगरमच्छ से भरी नदी में फेंका बेटी का शव, फिर पुलिस को सुनाई अपहरण की कहानी
जलती लकड़ी से पीटकर किया अधमरा, फिर गला दबाकर उतारा मौत के घाट
पुलिस की पूछताछ में आरोपी पिता ने जो जुर्म कबूला, उसे सुनकर खुद पुलिस अधिकारियों के पैर तले जमीन खिसक गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने पहले मासूम बच्ची को जलती हुई लकड़ी से बेरहमी से पीटा।
जलती लकड़ी से पिटाई होने के बाद बच्ची बुरी तरह से झुलस गई। बच्ची के अधमरा होने के बाद जब वह दर्द से कराह रही थी तब आरोपी ने बेरहमी से उसका गला घोंटकर उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।
‘सोचा था मगरमच्छ खा जाएंगे लाश’ – चंबल नदी में फेंका शव
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए एक बेहद खौफनाक साजिश रची। वह बच्ची के शव को लेकर चंबल नदी पहुंचा और उसे पानी में फेंक दिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने शव को चंबल नदी में इसलिए फेंका था ताकि नदी में मौजूद मगरमच्छ मासूम की लाश को पूरी तरह खा जाएं और हत्या का कोई भी सबूत ना मिले। इसके बाद उसने सिरोल थाने जाकर पुलिस को गुमराह करने के लिए बच्ची के गायब होने और अपहरण की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
7 दिन बाद खुला राज, आरोपी पिता गिरफ्तार
पुलिस शुरुआत से ही इस कथित अपहरण के मामले को संदिग्ध मानकर चल रही थी। जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं और सौतेले पिता से कड़ाई से पूछताछ की तो उसकी बनाई झूठी कहानी ताश के पत्तों की तरह ढह गई और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
ये भी पढ़ें : तेज रफ्तार कार का कहर: जोरदार टक्कर से हवा में उछले जनपद पंचायत CEO, नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती
विभिन्न धाराओं में पुलिस ने किया मामला दर्ज
सिरोल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस अब चंबल नदी में बच्ची के शव को तलाशने का प्रयास कर रही है।

