अनमोल मिश्रा, सतना। मैहर के बाद अब सतना कलेक्ट्रेट में भी अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर नई कवायद देखने को मिली। संभागायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक से पहले सभागार में प्रवेश करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए शुगर टेस्ट अनिवार्य किया गया। बैठक शुरू होने से पहले सभी से ब्लड शुगर की जांच कराने को कहा गया।

इसके लिए कलेक्ट्रेट सभागार के एक कक्ष में स्वास्थ्य विभाग की टीम और चिकित्सा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। मेडिकल स्टाफ ने मौके पर ही ग्लूकोमीटर की सहायता से अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच की। बैठक में शामिल होने आए अधिकांश अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जांच कराई, जबकि कुछ अधिकारियों ने इस व्यवस्था पर असहमति जताते हुए बिना शुगर टेस्ट कराए ही सभागार में प्रवेश कर लिया।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक कुल 39 लोगों की शुगर जांच की गई है। इनमें से 5 लोगों का ब्लड शुगर स्तर निर्धारित मानक से अधिक पाया गया। ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों को चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा नियमित जांच और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।

संभागायुक्त के इस मेडिकल नवाचार की चर्चा इन दिनों प्रशासनिक गलियारों में खूब हो रही है। हालांकि कई लोग इसे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता  रहा है।

मैहर में बैठक के बाद कराई गई थी जांच

गुरुवार को मैहर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान संभागायुक्त शीलेंद्र सिंह ने अधिकारियों कर्मचारियों को बार बार वाशरूम जाते देखा तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम बुलाकर सभी की शुगर टेस्ट कराई थी। ऐसा माना जा रहा है कि मैहर वाली नौबत सतना में न आए, जिस कारण कमिश्नर ने बैठक के पहले ही सभी की शुगर जांच कराने का फैसला किया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m