सुल्तानपुर. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सोमवार (5 अक्टूबर 2026) को सुल्तानपुर में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अहम समन्वय बैठक होगी. बैठक में काशी और गोरखपुर क्षेत्र से जुड़े संघ, भाजपा और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे. बैठक में दोनों क्षेत्रों की मौजूदा जमीनी स्थिति, संगठन की तैयारियों और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें- कानपुर में सरकारी डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी, मौत
बीएल संतोष और अरुण कुमार रहेंगे मौजूद
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष बैठक में मौजूद रहेंगे. संघ की ओर से सह सरकार्यवाह अरुण कुमार भी बैठक में शामिल होंगे. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष विनोद राय, काशी के प्रांत प्रचारक रमेश कुमार समेत विभाग प्रचारक स्तर के पदाधिकारी बैठक में हिस्सा लेंगे.
सीएम योगी से भी मुलाकात करेंगे संतोष
बीएल संतोष सोमवार सुबह लखनऊ पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे. बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रदेश सरकार के आगामी कार्यक्रमों के साथ संगठन और चुनावी तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है. सुल्तानपुर की बैठक में जमीनी फीडबैक के आधार पर संगठन की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श होगा. इससे पहले भी भाजपा और संघ के बीच मिशन-2027 को लेकर समन्वय बैठकों का दौर चला है.
राज्यसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है. चुनाव आयोग ने मतदान और मतगणना की तारीख 16 अक्टूबर तय की है. भाजपा ने आठ सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है. इसमें हरीश द्विवेदी, कुमार विश्वास, स्मृति ईरानी, सुब्रत पाठक, रमापति राम त्रिपाठी और हरदीप सिंह पुरी समेत कई नाम चर्चा में हैं. हालांकि अंतिम उम्मीदवारों का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा.
इसे भी पढ़ें- आजम खान के परिवार से मिले स्वामी प्रसाद मौर्य, 45 मिनट की मुलाकात से सियासी चर्चाएं तेज
जयंत चौधरी को लेकर भी चर्चा
राज्यसभा चुनाव के बीच एनडीए के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल को एक सीट दिए जाने की चर्चा भी है. जयंत चौधरी के नाम को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग संभावनाएं जताई जा रही हैं. हालांकि उनकी या उनकी पत्नी चारू चौधरी की उम्मीदवारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. ऐसे में सुल्तानपुर की बैठक में संगठनात्मक रणनीति के साथ चुनावी समीकरणों पर चर्चा अहम मानी जा रही है.

