आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र से एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। गढ़ा गांव के दादर टोला में 25 वर्षीय महिला का शव घर के बाहर पेड़ के नीचे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांच साल पहले हुई थी शादी
घटना जवा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा (दादर टोला) की है, जहां 25 वर्षीय रूपा माझी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रूपा की शादी करीब पांच वर्ष पहले राजू माझी से हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। सोमवार सुबह महिला की तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने की बात सामने आई। परिजन इलाज की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मृतका के मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि राजू माझी शराब के नशे में अक्सर रूपा के साथ मारपीट करता था। इसकी शिकायत पहले भी जवा थाने में की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से प्रताड़ना लगातार जारी रही।
घर के बाहर पेड़ के नीचे पड़ा मिला शव
मृतका की भाभी के अनुसार सोमवार सुबह राजू माझी ने फोन कर बताया कि रूपा की तबीयत खराब है। जब उससे पूछा गया कि वह कहां है, तो उसने कहा कि वह गैस सिलेंडर लेने गया है। सूचना मिलने पर जब मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो रूपा का शव घर के बाहर पेड़ के नीचे पड़ा मिला। वहीं उसके दो मासूम बच्चे अपनी मां के शव के पास बैठे थे। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी लेने पर ससुराल पक्ष ने सहयोग करने के बजाय विवाद शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही जवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

