वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के हरनौत थाना क्षेत्र स्थित चेरन गांव में आज शुक्रवार (5 जून) को एक 19 वर्षीय नवविवाहिता रिंकी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान चेरन निवासी सोनेलाल की पत्नी रिंकी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या बताया है।

मृतका के पति का भाभी से था अवैध संबंध

हिलसा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव निवासी मृतका के दादा जयकांत राम और बहनोई वीरेंद्र कुमार ने बताया कि रिंकी की शादी 27 फरवरी 2025 को सोनेलाल के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि सोनेलाल का अपनी भाभी के साथ पहले से अवैध संबंध था, जिसकी जानकारी रिंकी को शादी के कुछ महीनों बाद हो गई थी। जब वह इसका विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।

गले और शरीर पर मिले चोट के निशान

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि रिंकी ने जहर खा लिया है। सूचना मिलने पर जब मायके वाले चेरन गांव पहुंचे तो रिंकी की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि उसके गले पर दबाने और शरीर पर चोट के निशान थे। उनका कहना है कि पति, ननद, भैंसुर और उसकी पत्नी ने मिलकर पहले उसकी पिटाई की, फिर गला दबाया और जबरन जहर पिलाकर हत्या कर दी।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि, मायके पक्ष से आवेदन मिलने पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।

ये भी पढ़ें- लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, हालत नाजुक, पटना में इलाज जारी