Begusarai Gang Rape: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और खेद जताते हुए उन्हें न्याय मिलने का भरोसा दिलाया। तेजस्वी ने इस शर्मनाक घटना को चिंताजनक बताते हुए सम्राट सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।

‘बिहार की स्थिति दयनीय और चिंताजनक’

तेजस्वी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की कुछ तस्वीरों को सोशल मीडिया एक्स पर साझा करते हुए लिखा, बिहार की दयनीय, चिंताजनक और खेदजनक स्थिति का खौफनाक सच। बेगूसराय में हुए सामूहिक बलात्कार कांड के वीभत्स और भयानक कांड की पीड़िता और परिजनों से बेगूसराय अस्पताल में मुलाकात कर उनकी अवर्णनीय असहनीय पीड़ा को सांझा किया।

प्राइवेट पार्ट में मिली लकड़ी और बुलेट

उन्होंने बताया कि, कई पुरुषों ने जबरन महिला के घर में घुस उनके कपड़े उतारे, मुंह और हाथ बांध, ब्लेड से छाती काट दी और सामूहिक दुष्कर्म किया। यह इतना घिनौना, निकृष्ट दुष्कर्म था कि पीड़िता के प्राइवेट पार्ट से डॉक्टरों ने तकरीबन चार इंच का लकड़ी का एक टुकड़ा, कारतूस का खोल और अन्य वस्तुएं निकाली।

नाकामी छुपाने में लगी सरकार- तेजस्वी

तेजस्वी ने कहा कि, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही, उदासीनता और असंवेदनशीलता के कारण पीड़िता को ससमय इलाज नहीं मिला, FIR तक दर्ज करने में पुलिस आनाकानी करती रही। कई अभियुक्त अभी भी फरार है।

उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, बिहार में महिलाओं के साथ क्रूरता के ऐसे मामले प्रतिदिन सामने आ रहे है लेकिन बड़बोले मुख्यमंत्री अपनी नाकामी छुपाने व ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयानबाजी करना ही अपना दायित्व समझ बैठे है।

11 जून की है घटना

बता दें कि मानवता को तार-तार कर देने वाली यह घटना बीते 11 जून के रात की है, जब पीड़िता के साथ बदमाशों ने न केवल सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, बल्कि दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट में बुलेट (कारतूस) डाल दी। इस बर्बरता ने न केवल स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है, बल्कि पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा दिया है।

ये भी पढ़ें- निशांत कुमार का फोन नहीं उठना पड़ा भारी! PMCH प्रिंसिपल पद से हटाए गए डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह