Bihar Politics: बिहार के जमुई-लखीसराय सीमा क्षेत्र में नाबालिग युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अभद्रता मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। बिहार में अब कहीं भी, कभी भी, कोई भी छात्रा और महिला सुरक्षित नहीं है। गुंडे अपराधी अब दिन दहाड़े स्कूलों, कॉलेज और घरों में घुसकर अपराध कर रहे है।
मौनी बाबा बन चुके हैं प्रधानमंत्री
तेजस्वी ने घटना को लेकर पीएम मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, महिलाओं को 10 हजार रूपया नगद देकर और चुनाव बाद दो लाख और देने का वादा करने वाले प्रधानमंत्री ऐसी घटनाओं पर मौनी बाबा बन चुके है। एनडीए सरकार में महिलाओं, छात्रों, गरीबों और दलितों पर अत्याचार में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि, बिहार का खजाना लुटाकर तथा महिलाओं को 2 लाख रुपए देने का लालच देकर नीतीश कुमार तो चार महीने में ही अपना झोला-झंडा उठाकर चल दिए।
बिहार की इस हालत के लिए प्रधानमंत्री को ठहराया जिम्मेवार
तेजस्वी ने कहा कि, विधानसभा चुनाव के अंतिम 35 दिनों में बिहार के खजाने से ही एक बीमार मुख्यमंत्री से 41 हज़ार करोड़ रुपए बंटवाकर तथा तंत्र व यंत्र से विजय हासिल कर घमंड में डूबे बीजेपी के दो शीर्ष नेता नौसिखिए हाथों में बिहार की बागडोर देकर, पता नहीं बिहार से किस जुर्म का बदला ले रहे है? उन्होंने कहा कि, बिहार के इस हालात के अकेले जिम्मेवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। भाजपा और उनकी पिछलग्गु पार्टियों को ऐसी घटनाओं पर शर्म भी नहीं आती।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवती के साथ कुछ युवक कथित तौर पर छेड़खानी और अभद्रता करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि वीडियो के वायरल होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य की तलाश जारी है। बिहार राज्य महिला आयोग ने घटना को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी से बात कर रिपोर्ट मांगी है। वहीं, अब तेजस्वी ने इस मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ‘किसी केंद्रीय मंत्री को ट्रांसजेंडर बताना ठीक नहीं’, जीतन राम मांझी ने CM से की कार्रवाई की मांग



