इमरान खान, खंडवा। एमपी के खंडवा में श्री दादाजी मंदिर के भव्य निर्माण को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। मंदिर निर्माण में उपयोग होने वाले मकराना मार्बल की खरीद करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से की जाएगी। इसके लिए मंदिर निर्माण समिति और जनप्रतिनिधियों का दल राजस्थान के मकराना पहुंचा। जहां मार्बल सप्लायर्स के साथ बैठक कर गुणवत्ता और दरों पर चर्चा की गई। वहां से वापस खंडवा पहुंची समिति सदस्यों का दावा है कि बाजार दर से कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता का मार्बल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।

बताया जा रहा है कि अगले एक महीने में सप्लायर फर्म का अंतिम चयन कर लिया जाएगा। वहीं मंदिर के फाउंडेशन का काम जून के अंत तक पूरा करने और जुलाई से निर्माण कार्य की गति बढ़ाने की तैयारी है। श्री दादाजी मंदिर के नए स्वरूप को लेकर मंदिर ट्रस्ट और निर्माण समिति लगातार काम कर रही है। राजस्थान के मकराना में करीब 15 प्रमुख फर्मों के मार्बल का निरीक्षण किया गया। इनमें से 5 से 6 फार्म को शॉर्ट लिस्ट किया गया है।

मंदिर में लगने वाले मार्बल के डिजाइन, मजबूती और गुणवत्ता की जांच के बाद सप्लायर तय किया जाएगा। निर्माण समिति के अनुसार, मंदिर निर्माण में उपयोग होने वाला मार्बल, बिजली और अन्य सामग्री निर्धारित बजट के अनुरूप खरीदी जाएगी। समिति का प्रयास है कि बेहतर गुणवत्ता के साथ लागत को भी नियंत्रित रखा जाए। मंदिर निर्माण को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।

देशभर के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र श्री दादाजी मंदिर निर्माण के लिए मार्बल खरीद की प्रक्रिया तेज हो गई है। करीब 100 करोड़ रुपए की इस खरीद के लिए अगले एक महीने में सप्लायर फर्म का चयन होने की संभावना है, जिसके बाद मंदिर निर्माण कार्य और गति पकड़ेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m