कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में सूदखोरों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर दो बच्चों के पिता ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने सुसाइड नोट छोड़कर अपनी मौत के लिए दो लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। नोट में घर से उठाकर ले जाकर मारपीट करने और लगातार ब्याज के पैसे के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट में मौत का कारण विस्तार से बताया
दरअसल मृतक की पहचान मुरार के त्यागी नगर निवासी तिलक सिंह राणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से कर्ज और सूदखोरों के दबाव में था। घटना से पहले उसने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें अपनी मौत का कारण विस्तार से बताया। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।सुसाइड नोट में मृतक तिलक सिंह ने लिखा है कि उसने जितेंद्र डमोल के साले कल्ला शर्मा से करीब 5 लाख रुपये उधार लिए थे।
20 प्रतिशत मासिक ब्याज वसूल रहा था
इनमें से 3 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकी रकम को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि उससे 2 लाख रुपये के बदले 5 लाख रुपये मांगे जा रहे थे और 20 प्रतिशत मासिक ब्याज वसूला जा रहा था। मृतक ने यह भी लिखा कि जितेंद्र और उसके साले कल्ला शर्मा उसे घर से उठाकर ले गए,रास्ते में उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसी प्रताड़ना से आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया,सुसाइड नोट में इन दोनों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम उनकी जांच
वहीं परिजनों ने एसपी से मिलकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया है कि उसके और मां के साथ यदि कोई अनहोनी होती है तो उसके लिए यही सूदखोर जिम्मेदार होगा। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम लिखे गए हैं, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, बहरहाल सूदखोरी के कथित जाल में एक और परिवार उजड़ गया। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों पर क्या कार्रवाई होती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

