दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल ने खुफिया सूचना के आधार पर एक अंतरराज्यीय अभियान चलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान स्थित कथित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में थे तथा दिल्ली में आतंकी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। यह अभियान स्पेशल सेल के एसीपी विवेक कुमार त्यागी की निगरानी में चलाया गया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने और अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। ये नंबर उनके पाकिस्तानी हैंडलरों द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क, उनके संपर्कों और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली है कि पाकिस्तान में मौजूद कथित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में आतंकी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि इस कथित साजिश को अंजाम देने के लिए पंजाब के कुछ युवाओं की भर्ती की गई थी। आरोप है कि इन युवाओं को विभिन्न माध्यमों से संपर्क कर आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश की गई।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खुफिया जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दिल्ली और पंजाब के कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कुछ संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई, जिसके बाद मामले में पहली गिरफ्तारी पंजाब के अमृतसर स्थित मजीठा रोड क्षेत्र से की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभदीप सिंह के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह पाकिस्तान में मौजूद शहजाद भट्टी नेटवर्क के हैंडलरों के संपर्क में था। पुलिस का दावा है कि आरोपी ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थ मंगाने की गतिविधियों में भी शामिल था। दिल्ली पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच के लिए जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके दो कथित साथियों गुरजंट सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को पंजाब से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से एक जिगना पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों और डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। इसके बाद दिल्ली से गगनप्रीत नामक एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक मोबाइल फोन और जांच से जुड़े कई अहम साक्ष्य बरामद हुए हैं। स्पेशल सेल का दावा है कि गगनप्रीत को पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों ने दिल्ली में धार्मिक स्थलों और पुलिस प्रतिष्ठानों की रेकी करने का काम सौंपा था। जांच के मुताबिक, उसे राजधानी में गोलीबारी की एक घटना को अंजाम देने का भी निर्देश दिया गया था।

जानिए कौन हैं गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी

1. शुभदीप सिंह उर्फ विशाल

पुलिस के अनुसार, शुभदीप सिंह पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला है, जो भारत-पाकिस्तान सीमा से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित है। जांच में आरोप है कि वह ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से पिस्तौल और नशीले पदार्थों की खेप मंगाता था। कथित तौर पर वह पाकिस्तान में मौजूद आईएसआई हैंडलर्स और ड्रोन ऑपरेटर्स से संपर्क के लिए विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था। पुलिस के मुताबिक, उसे पहले भी एनडीपीएस के एक मामले में पंजाब पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

2. गुरजंट सिंह उर्फ ऋषि

गुरजंट सिंह भी पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है। पुलिस का आरोप है कि वह विदेशी नंबरों के जरिए कथित आईएसआई हैंडलर्स के संपर्क में था। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह अपने चचेरे भाई साजन सिंह उर्फ हनी के साथ मिलकर ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप मंगाने में शामिल था।

3. साजन सिंह उर्फ हनी

साजन सिंह पंजाब के अमृतसर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह भी विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर पाकिस्तान स्थित कथित आईएसआई हैंडलर्स से संपर्क में था। उसे भी पहले एनडीपीएस के एक मामले में पंजाब पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

4. गगनप्रीत

पुलिस के मुताबिक, गगनप्रीत पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले का रहने वाला है। जांच में आरोप है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित कथित हैंडलर्स के संपर्क में आया था। दिल्ली पुलिस का दावा है कि उसे राजधानी में पुलिस थानों और पुलिस पिकेट्स की वीडियो रिकॉर्डिंग करने तथा उन पर फायरिंग की वारदात को अंजाम देने का जिम्मा सौंपा गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m