रायपुर/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकी हमला हुआ है, जिसमें छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को गोली लगने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने मजदूरों पर गोलीबारी कर उन्हें निशाना बनाया। इस हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : कुलगाम में आतंकियों ने की टारगेट किलिंग : गैर-कश्मीरी मजदूर की गोली मारकर हत्या, दूसरा गंभीर रूप से घायल
छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल
जानकारी के अनुसार, आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक रात्रे (24 वर्ष), पिता उमाशंकर रात्रे की मौत हो गई है। वहीं भूपेंद्र (28 वर्ष), पिता दशरथ गंभीर रूप से घायल है। घायल मजदूर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
एलजी मनोज सिन्हा ने की हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने लिखा कि, “कुलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले, जिसमें छत्तीसगढ़ के एक मज़दूर की मौत हो गई, घटना के बाद मैंने DGP नलिन प्रभात और सुरक्षा के शीर्ष अधिकारियों से बात की। मैं इस कायरतापूर्ण हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने सुरक्षा बलों को अपने अभियान तेज़ करने और आतंकवादियों का खत्म करने के निर्देश दिए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ के एक और घायल मज़दूर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूं। J&K प्रशासन और पूरा देश इन परिवारों के साथ खड़ा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


