मुकेश मेहता, बुधनी। पुलिस की वर्दी अक्सर अपराधियों में खौफ का पर्याय मानी जाती है, लेकिन इसी वर्दी के पीछे एक ऐसा चेहरा भी है, जो लोगों के दिलों को छू रहा है। बुधनी के रेहटी थाने में पदस्थ एएसआई जय नारायण शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एएसआई शर्मा सलकनपुर के हनुमान मंदिर में सुंदरकांड के दौरान हारमोनियम पर भजन गाते और भक्ति में झूमते नजर आ रहे हैं। पुलिसकर्मी का यह अंदाज अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का आयोजन

मामला बुधनी क्षेत्र के सलकनपुर का है, जहां सलकनपुर चौकी के सामने स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का आयोजन किया जा रहा था। मंदिर में भजन-कीर्तन और भक्तिमय माहौल बना हुआ था। इसी दौरान रेहटी थाने में पदस्थ एएसआई जय नारायण शर्मा भी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने हारमोनियम संभाला और भजन गाना शुरू कर दिया। भजन की धुन और भक्ति के माहौल में शर्मा खुद को रोक नहीं पाए और झूमते हुए नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने एएसआई के इस अंदाज को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दर्दनाक हादसाः निजी अस्पताल की लिफ्ट में फंसने से मरीज की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा

अपराधियों में खौफ, भक्ति में अलग अंदाज

आमतौर पर पुलिसकर्मियों की छवि अपराधियों के खिलाफ सख्ती और कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली होती है। लेकिन इस वीडियो में एएसआई जय नारायण शर्मा का बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। वर्दी में हारमोनियम पर भजन गाते और भक्ति में झूमते पुलिसकर्मी का यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग पुलिस के इस भक्ति वाले रूप की सराहना कर रहे हैं। यह वीडियो इस बात की भी झलक दिखाता है कि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी समाज और धार्मिक आयोजनों के बीच भी सहज रूप से नजर आ सकते हैं। फिलहाल एएसआई जय नारायण शर्मा का यह भक्ति वाला अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

रफ्तार का कहरः ट्रक ने सड़क पर बैठी गायों को रौंदा, 5 गौवंश की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया चक्का जाम

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m