हिसार। हरियाणा के हिसार जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक नामी मिठाई की दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी की लिफ्ट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि लिफ्ट में अचानक जोरदार झटका लगते ही युवक की गर्दन कटकर तारों पर अटक गई, जबकि उसका बाकी का शरीर लिफ्ट के अंदर ही गिर गया। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान खुम्बा खेड़ा गांव के रहने वाले जसबीर के रूप में हुई है।
रविवार की सुबह होते ही दुकान में पसरा मातम
कल्पना स्वीट्स नामक दुकान के मालिक ने बताया कि रविवार होने की वजह से दुकान सुबह थोड़ी जल्दी खुली थी क्योंकि आज विशेष रूप से सब्जी-पूरी तैयार होनी थी। दुकान पर मुख्य रूप से विजय नाम का हलवाई काम करता है। शनिवार को पहली बार विजय के साथ उसकी बुआ का लड़का जसबीर भी दुकान पर आया था। रात को वह दुकान में ही सो गया था। सुबह उठकर जसबीर दूसरी मंजिल पर रखा सामान नीचे लाने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल करने लगा, तभी यह बड़ा हादसा हो गया।
सामान लाने वाली लिफ्ट में कैसे फंसी गर्दन?
दुकान के मालिक के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे जसबीर लिफ्ट के जरिए ऊपर गया था। जैसे ही वह दूसरी मंजिल पर पहुंचा, अचानक उसकी गर्दन लिफ्ट के लोहे के दरवाजों के बीच में फंस गई। लिफ्ट में तेज झटका लगा और यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुकान प्रबंधन का कहना है कि यह लिफ्ट इंसानों के आने-जाने के लिए नहीं बल्कि केवल भारी सामान को ऊपर-नीचे ले जाने के लिए बनाई गई थी। दुकान के बाकी सभी कर्मचारी सीढ़ियों का ही इस्तेमाल करते थे, लेकिन जसबीर पहली बार आया था इसलिए उसे इस बात की जानकारी नहीं थी।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही जसबीर के परिवार में कोहराम मच गया और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। जसबीर के पिता ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी मर्जी के बिना दुकान के अंदर जसबीर की हत्या की गई है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

