अजयारविंद नामदेव, शहडोल। त्योहारों की चमक दमक, बाजारों में खरीदारों की भीड़ और इसी भीड़ में महिलाओं के गहने पर्स पर नजर गड़ाए बैठे शातिर चोर,लेकिन शहडोल में अब इनकी खैर नहीं,क्योंकि बाजार में उतर चुकी है कोतवाली पुलिस की महिला ब्रिगेड, जो भीड़ के बीच पैदल गश्त कर संदिग्धों पर नजर रखेगी, सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक दो शिफ्ट में सुरक्षा का पहरा रहेगा, ज्वेलरी से लेकर कपड़े और बर्तन की दुकानों तक पुलिस की पैनी नजर होगी, संदेश साफ है। त्योहारों की भीड़ में चोरी का खेल खेलने वालों पर अब महिला पुलिस की नजर है।
READ MORE: ग्वालियर में प्रशासन का चला चाबुक: 5 कुख्यात बदमाशों को 6-6 महीने के लिए किया गया जिलाबदर; कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश
धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के बीच महिलाओं की सुरक्षा का मोर्चा अब महिला पुलिसकर्मियों ने संभाल लिया है। कोतवाली पुलिस ने बाजार में महिला ब्रिगेड उतारकर सुरक्षा का ऐसा पहरा शुरू किया है, जिसकी नजर भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी। त्योहारी बाजार में सोने चांदी के आभूषणों से सजी दुकानें हों या कपड़े और बर्तन की दुकानें, हर तरफ खरीदारों की भीड़ उमड़ती है। इसी भीड़ में धक्का मुक्की का फायदा उठाकर मंगलसूत्र, सोने की चेन और पर्स पर हाथ साफ करने वाले सक्रिय हो सकते हैं। ऐसे में पुलिस ने सामान्य गश्त से आगे बढ़ते हुए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम तैयार की है, जो बाजार में पैदल घूमकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी।
कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित इस ब्रिगेड में चार महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक पुलिस अधिकारी या विवेचक की तैनाती की गई है। टीम की पहली शिफ्ट सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरी शिफ्ट शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगी। बाजार में भीड़ अधिक रहने पर गश्त जारी रखी जाएगी, कोतवाली से दल को रवाना कर इस व्यवस्था की शुरुआत की गई।
READ MORE: स्कूल की जमीन पर बाउंड्रीवॉल निर्माण को लेकर विवाद: छात्रों ने सड़क पर उतरकर तोड़ी दीवार, करणी सेना ने की जांच की मांग
पुलिस की रणनीति सिर्फ गश्त तक सीमित नहीं है। बाजार में भीड़ और सुरक्षा की जरूरत का आकलन करते हुए दो अतिरिक्त दल गठित करने की भी तैयारी है। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की जाएगी। थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा के मुताबिक, त्योहारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

