कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। थाटीपुर थाना पुलिस ने प्लॉट विवाद में हुए हमले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 16 मई को थाटीपुर थाना क्षेत्र के सुरेश नगर के पास हुए खूनी संघर्ष में आरोपियों ने रामवीर गुर्जर को लाठी-डंडों से पीटा था। हमले में रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस खूनी संघर्ष का एक CCTV फुटेज भी सामने आया था जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
ये भी पढ़ें : फर्जी MBBS डिग्री रैकेट का खुलासा: मास्टरमाइंड तक पहुंची पुलिस, सरकारी क्लिनिक में लगवा रहा था नौकरी
थाटीपुर थाना पुलिस ने शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर देवराज, प्रवल गुर्जर और विजय फागुना को कुमारपुर पुलिस चौकी के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का थाटीपुर चौराहे से घटनास्थल तक पैदल जुलूस निकाला और मौके पर सीन रिक्रिएशन कराया।
आपको बता दें कि रामवीर ने पड़ोसी पिंटू उर्फ उदय गुर्जर पर प्लॉट विवाद के चलते हमले कराने का आरोप लगाया था। जिसके बाद हुए हमले में रामवीर गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने 8 हमलावरों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें : भोजशाला ड्यूटी के दौरान बाल-बाल बचा जवान: बाइक को टक्कर मारते हुए दुकान में घुसी कार, VIDEO आया सामने
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि अभी भी पांच आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। CSP की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बचे आरोपियों को भी जल्द हिरासत में लिया जाएगा। फिलहाल थाटीपुर थाना पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

